नैनीताल: वेतन मांगने पहुंचे कर्मचारियों को दिया बजट की कमी का हवाला

नैनीताल, अमृत विचार। पालिका कर्मचारियों को बीते दो माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे आक्रोशित कर्मचारी अब विरोध पर उतर आए हैं। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारियों ने तो कार्य बहिष्कार भी शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने जल्द वेतन भुगतान न करने पर कार्य बहिष्कार जारी रखने की चेतावनी दी …
नैनीताल, अमृत विचार। पालिका कर्मचारियों को बीते दो माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे आक्रोशित कर्मचारी अब विरोध पर उतर आए हैं। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारियों ने तो कार्य बहिष्कार भी शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने जल्द वेतन भुगतान न करने पर कार्य बहिष्कार जारी रखने की चेतावनी दी है। उन्होंने इस संबंध में ईओ से वार्ता की तो उन्हें बजट की कमी का हवाला दे दिया गया।
कर्मचारियों का कहना है कि बजट के संकट के चलते पालिका ने बीते दो माह से कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नहीं किया है। ऐसे में कर्मचारियों को तमाम आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पहले भी दो बार कर्मचारियों को पालिका प्रबंधन ने वेतन भुगतान का आश्वासन दिया था, मगर वेतन का भुगतान नहीं किया गया। इससे आक्रोशित कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है। बुधवार को देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष धर्मेश प्रसाद सचिव सोनू सहदेव के नेतृत्व में पर्यावरण मित्रों ने कार्य बहिष्कार किया। दोपहर के समय संघ पदाधिकारी ईओ अशोक वर्मा से वेतन की मांग को लेकर वार्ता करने पहुंचे। जहां ईओ ने कर्मचारियों को बजट नहीं होने की बात बताई। जिस पर कर्मचारी भड़क उठे। इस दौरान कर्मचारियों की ईओ से जमकर तनातनी भी हुई। कर्मचारियों ने कहा कि बीते दो माह से स्थाई और आउटसोर्स कर्मियों को भुगतान नहीं हुआ है।
वहीं तीसरा माह भी खत्म होने वाला है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द भुगतान नहीं किया गया तो कर्मचारी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इधर, मामले में ईओ ने बताया कि फिलहाल पालिका के पास वेतन देने के लिए बजट नहीं है। जल्द वह बजट की मांग को लेकर शासन जाएंगे। बताया कि सोमवार तक कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर कोई ना कोई हल निकाल लिया जाएगा।