बदायूं: न माफिया और न बाहुबली, अब हैं सिर्फ बजरंग बली- अमित शाह

बदायूं,अमृत विचार। कश्मीर भारत का अंग है। जहां वर्षों पहले धारा 370 हटनी चाहिए थी। भाजपा ने धारा हटाने की बात कही तो सपा, बसपा, कांग्रेस इसका विरोध कर रही थीं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा था कि अगर धारा 370 हटी तो खून की नदियां बहेंगी। सभी बाहुबली, माफिया तीन जगहों पर हैं। …
बदायूं,अमृत विचार। कश्मीर भारत का अंग है। जहां वर्षों पहले धारा 370 हटनी चाहिए थी। भाजपा ने धारा हटाने की बात कही तो सपा, बसपा, कांग्रेस इसका विरोध कर रही थीं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा था कि अगर धारा 370 हटी तो खून की नदियां बहेंगी। सभी बाहुबली, माफिया तीन जगहों पर हैं।
आज कोई बाहुबली नहीं है सिर्फ बजरंग बली हैं। बुधवार को विधानसभा सहसवान क्षेत्र के रामलीला मैदान में भाजपा प्रत्याशी डीके भारद्वाज के समर्थन में आयोजित जनसभा में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने यह बात कही।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सहसवान विधान सभा के कस्बा इस्लामनगर में जन सभा की लेकिन समयाभाव में बदायूं की सभा में शिरकत नहीं कर सके। उन्होंने बदायूं के जवाहरपुरी और इस्लामनगर कस्बे में प्रतीकात्मक जनसंपर्क भी किया।
इस्लामनगर की जन सभा में केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि धारा 370 हटाने के दौरान अखिलेश यादव ने खून की नदियां बहने तक की बात कही। भाजपा ने 2 अगस्त 2019 को यह धारा उखाड़ फेंकी। खून तो छोड़ो किसी ने कंकड़ तक नहीं उछाला। किसी की हिम्मत नहीं हुई। उहोंने कहा कि योगी सरकार में कानून का राज है।
उनकी सरकारों में माफिया और बाहुबली थे। अब बजरंग बली ही हैं। अखिलेश सरकार में ग्रीन व रेड लाइट चालू थी। बाहुबली, माफियाओं को ग्रीन लाइट और विकास के नाम पर रेड लाइट। अखिलेश ने इंडस्ट्री पर अलीगढ़ का ताला लगवा दिया था।
अखिलेश व मुलायम की सरकार में आजम खां, अतीक अहमद, इमरान, मुख्तार अंसारी साथ दिखते थे। तीन साल से किसी ने उनको देखा हो तो बताएं। अगर, कमल के फूल के अलावा कहीं और ठप्पा लगाओगे तो काउंटिंग के अगले ही दिन यह सब वापस निकल आएंगे।
भाजपा सरकार में अपराध में बहुत कमी आई है। अखिलेश ने कोरोना का टीका डर की वजह से लगवाया। आज माफियाओं की तीन जगह हैं। प्रदेश के बाहर, जेल के अंदर या फिर सपा में। कहीं और माफिया नहीं बचा है। मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री रहने के दौरान पाकिस्तानी आतंकवादी हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते थे।
प्रधानमंत्री के माथे पर जूं तक नहीं रेंगता था। उफ तक नहीं करते थे। उन्हें वोट बैंक का डर लगता था। अब कांग्रेस, सपा, बसपा की सरकार नहीं है। देश के प्रधानमंत्री मोदी हैं। मोदी ने सर्जिकल व एअर स्ट्राइक से पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया।
बदायूं में उनके साथ बदायूं विधान सभा के प्रत्याशी प्रदेश सरकार के नगर विकास राज्य मंत्री महेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता एवं चेयरपरसन दीपमाला गोयल समेत तमाम बीजेपी पदाधिकारी और नेता रहे।
ये भी पढ़ें-
लखीमपुर-खीरी: माननीय के बिगड़े बोल, सदर विधायक दरोगा से बोले- 10 के बाद देख लूंगा