बरेली: दीक्षांत से पहले मेले में बंटेंगी उपाधियां

बरेली: दीक्षांत से पहले मेले में बंटेंगी उपाधियां

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले से प्रत्येक वर्ष डेढ़ लाख से अधिक छात्र स्नातक व परास्नातक की शिक्षा पूरी करते हैं। शिक्षा पूरी करने के बाद इन्हें अंकतालिका के साथ उपाधि भी दी जाती है लेकिन अधिकांश छात्र सिर्फ अंकतालिका लेकर जाते हैं लेकिन कई साल तक उपाधि लेने नहीं आते। यह उपाधियां विश्वविद्यालय …

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले से प्रत्येक वर्ष डेढ़ लाख से अधिक छात्र स्नातक व परास्नातक की शिक्षा पूरी करते हैं। शिक्षा पूरी करने के बाद इन्हें अंकतालिका के साथ उपाधि भी दी जाती है लेकिन अधिकांश छात्र सिर्फ अंकतालिका लेकर जाते हैं लेकिन कई साल तक उपाधि लेने नहीं आते। यह उपाधियां विश्वविद्यालय परिसर व महाविद्यालयों में धूल फांकती हैं। राज्यपाल के सख्त निर्देशों के बाद छात्रों को डिग्रियां उपलब्ध कराने का निर्णय विश्वविद्यालय प्रशासन ने लिया है।

इसके लिए 12 जनवरी को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह से पहले विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध सभी महाविद्यालयों में तीन-तीन दिन के उपाधि मेले लगाए जाएंगे। इन मेलों में छात्रों को उपाधि लेने के लिए बुलाया जाएगा। विश्वविद्यालय सूत्रों की माने तो विश्वविद्यालय परिसर में 2016-17 बैच से 2020-21 बैच यानी पांच वर्ष की करीब 5 हजार उपाधियां बंटने को हैं। इसी तरह से महाविद्यालयों में तीन वर्षों की करीब तीन लाख से अधिक उपाधियां बंटी नहीं हैं।

परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद ने विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य व प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि कुलाधिपति के अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित 10 सदस्यी समिति द्वारा दी गई संस्तुतियों पर कुलपति प्रो. केपी सिंह के आदेश के अनुपालन में 8, 9 व 10 जनवरी 2022 को उपाधि मेले का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षिक सत्रों 2016-17, 2017-18 व 2018-19 की उपाधियां महाविद्यालयों को उपलब्ध करा दी गई हैं।

उपाधि वितरण के लिए छात्रों को मोबाइल व ईमेल पर सूचना उपलब्ध करायें। इन तीन दिनों में कितनी उपाधियां बंटीं इसकी सूचना 11 जनवरी तक विश्वविद्यालय को जरूर उपलब्ध करायें। इसी तरह से परीक्षा नियंत्रक ने विश्वविद्यालय परिसर के सभी संकायाध्यक्षों व विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि 2016-17, 2017-18, 2018-19, 2019-20 व 2020-21 की उपाधियां 9, 10 व 11 जनवरी को मेले का आयोजन कर वितरित करें।

विश्वविद्यालय में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक उपाधियां वितरित की जाएंगी। महाविद्यालयों में तीन साल की ही उपाधियां वितरित की जाएंगी, क्योंकि सत्र 2019-20 और 2020-21 की उपाधियां अभी विश्वविद्यालय द्वारा नहीं भेजी गई हैं। जबकि विश्वविद्यालय परिसर में सत्र 2020-21 तक की उपाधियां छपकर पहुंच गई हैं।

उपाधि वितरित न होने की कई वजह
हजारों की संख्या में छात्रों के उपाधियां न ले जाने के पीछे कई वजह हैं। कई छात्र तो पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने धंधे में लग जाते हैं और उन्हें उपाधि की जरूरत नहीं पड़ती है। कई युवाओं को रोजगार नहीं मिलता है तो भी वह उपाधि लेने नहीं आते हैं। इसके अलावा कई अन्य कारण से उपाधि नहीं लेते हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय व महाविद्यालय स्तर पर उपाधि देने में रुपयों की मांग कर परेशान किया जाता है। इसकी वजह से भी छात्र उपाधि नहीं लेते हैं।