वीरांगना नगरी झांसी में आज होगा भगवा शक्ति प्रदर्शन

वीरांगना नगरी झांसी में आज होगा भगवा शक्ति प्रदर्शन

झांसी। आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर बढ़ती ठंड के बीच राजनीतिक पारा लगातार गरमाता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी  आज उत्तर प्रदेश के पिछड़े, लेकिन अति महत्वपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र और इस क्षेत्र का द्वार कही जाने वाली वीरांगना नगरी झांसी में एक बार फिर लोगों का विश्वास जीतने और विपक्षी दलों को भगवा …

झांसी। आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर बढ़ती ठंड के बीच राजनीतिक पारा लगातार गरमाता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी  आज उत्तर प्रदेश के पिछड़े, लेकिन अति महत्वपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र और इस क्षेत्र का द्वार कही जाने वाली वीरांगना नगरी झांसी में एक बार फिर लोगों का विश्वास जीतने और विपक्षी दलों को भगवा दमखम दिखाने सड़कों पर उतरेगी। यहां राजकीय पॉलीटेक्निक मैदान से जन विश्वास यात्रा का शंभारंभ किया जायेगा। इसके लिए पार्टी ने व्यापक रूप से तैयारियां की हैं।

पिछले विधानसभा चुनाव में बुंदेलखंड की सभी 19 सीटों पर भगवा परचम लहराया था और इस बार फिर वहीं करिश्मा दिखाने की आस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा आज वीरांगना नगरी में ताल ठोकते नजर आयेंगे। जहां चुनावी जनसभाओं में एक ओर भाजपा, प्रदेश में उसकी सरकार आने के बाद तेजी से आगे बढ़ी विकास यात्रा को प्रमुखता से जनता के सामने रख रही हैं तो वहीं दूसरी ओर विपक्ष महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को प्रमुखता से उछालकर पिछड़े और दलित वर्ग में अपनी पैठ बनाकर चुनावी की वैतरणी पार करने का इच्छुक नजर आ रहा है।

प्रदेश में जातिगत समीकरणों से बचने की चाहे कितनी ही वकालत क्यों न की जाएं, लेकिन चुनाव के समय सभी दल, टिकटों के बंटवारे और वोट पाने की चाहत में जातिगत समीकरणों को साधने में पूरी ताकत लगा देते हैं। इसीक्रम में भाजपा ने भी अन्य वर्गों के साथ विशेष रूप से पिछड़े और दलित वर्ग को साधने की मंशा से जन विश्वास यात्रा की डोर पिछडे़े और दलित वर्ग के हाथ में सौंपी हैं। बुंदेलखंड की यात्रा की जिम्मेदारी स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री बाबूराम निषाद को सौंपी गयी है। साथ ही फायरब्रांड दलित नेता प्रियंका सिंह रावत को प्रदेश का महामंत्री और बुंदेलखंड प्रभारी बनाया गया है। इतना ही नहीं प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में निकाली जा रही इन जन विश्वास यात्राओं की डोर भााजपा के तेजतर्रार और पिछड़ा वर्ग के प्रभावी नेता विद्यासागर सोनकर को सौंपी गयी है।

पढ़ें: प्रधानमंत्री बरेली आए तो निरस्त रहीं मुंबई-बेंगलुरू की चारों फ्लाइटें

झांसी सदर विधान सभा के पॉलीटेक्निक मैदान से शुरू होने जा रही बुंदेलखंड विश्ववास यात्रा 14 जिलों से होकर गुजरेगी। पॉलीटेक्निक मैदान के बाद यह यात्रा बीकेडी और महानगर के चचिर्त चौराहे ईलाइट होते हुए जेल चौराहा पहुंचेगी और यहां से बबीना होते हुए ललितपुर के लिए निकल जायेगी। इसी तरह यात्रा बुंदेलखंड सहित 14 जिलों में घूमेगी। इस यात्रा का विश्राम 14वें दिन कानपुर के बिठूर के ब्रहमा तट पर होगा। बुंदेलखंड यात्रा के 15 दिन के कार्यक्रम में चार विशाल जनसभाएं बांदा उरई, इटावा और फरूर्खाबाद में और 33 सभाओं सहित कानपुर में एक रोड शो का भी आयोजन किया जायेगा।

इस जनयात्रा के जरिए जहां एक ओर भाजपा अपने मतदाताओं का विश्वास जीतने की कवायद में लगी है तो दूसरी ओर टिकट पाने की चाह में स्थानीय नेता यहां आ रहे पार्टी के बड़े और कद्दावर नेताओं के सामने अपनी राजनीति चमकाने की कोशिशों में लगे हैं। यात्रा के बहाने टिकट के दावेदारों ने पूरे महानगर को होर्डिंग्स से पाट दिया है। पॉलीटेक्निक ग्रांउड से लेकर यात्रा का पूरा मार्ग होर्डिंग्स से पटा नजर आ रहा है। हर कोई रक्षामंत्री के सामने खुद को प्रबल दावेदार दिखाने के लिए हर संभव कोशिश में लगा है।