बरेली: बाढ़ प्रभावित 2.08 लाख किसानों को 74.52 करोड़ का मरहम

बरेली, अमृत विचार। 22 दिन पहले बरेली समेत राज्य के 44 जनपदों में आई बाढ़ से प्रभावित हुए किसानों के जख्मों पर ‘राहत सहायता’ का मरहम लगाने की सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों में जुटी सरकार ने पहले चरण में 208793 किसानों को सहायता पहुंचाने के लिए 745294208 …
बरेली, अमृत विचार। 22 दिन पहले बरेली समेत राज्य के 44 जनपदों में आई बाढ़ से प्रभावित हुए किसानों के जख्मों पर ‘राहत सहायता’ का मरहम लगाने की सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों में जुटी सरकार ने पहले चरण में 208793 किसानों को सहायता पहुंचाने के लिए 745294208 रुपये की धनराशि जारी कर दी है।
सभी जनपदों के जिला आपदा प्रकोष्ठ के खाते में धनराशि पहुंच भी गई है। इधर, जिला आपदा प्रकोष्ठ के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 11735 किसानों को सहायता बांटने के लिए धनराशि मिल चुकी है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह के नेतृत्व में धनराशि बांटने की कार्ययोजना बनाई जा रही है।
44 जनपदों में आई बाढ़ की वजह से राहत आयुक्त कार्यालय की वेबसाइट के अनुसार 827451 किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं। इसके सापेक्ष जनपदों ने 2820257858 रुपये धनराशि की मांग की। 3 नवंबर तक वेबसाइट पर मांग फीड की गई। इसके बाद डाटा को सत्यापित किया गया। तब 44 जनपदों के कुल 617444 किसानों को प्रभावित माना गया। इसके सापेक्ष सरकार ने 2074955164 रुपये की धनराशि स्वीकृत की।
अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बरेली समेत 44 जनपदों के जिलाधिकारियों को जारी किए पत्र में कहा है कि राज्यपाल की स्वीकृति के बाद फ्रीज किए डाटा के अनुसार 208793 किसानों को कृषि निवेश अनुदान वितरित किए जाने के लिए बाढ़ मद में 745294208 रुपये की धनराशि की स्वीकृति जारी की गई। प्रभावित व्यक्तियों को शासन की प्राथमिकता के आधार पर धनराशि बांटने के निर्देश दिए गए हैं। वितरित सहायता की सूची ग्राम सभा के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने और ग्रामसभा की अगली बैठक में पढ़कर सुनाने को भी निर्देशित किया है।
बरेली में कुल 73573 किसानों की फसलें हुई हैं बर्बाद
बरेली जनपद के 1468 गांवों में बाढ़ ने तबाही मचाई थी। इसमें 23328 हेक्टेयर में खड़ी सिंचित और असिंचित फसलें खराब हुई हैं। 73573 किसानों का करीब 40.65 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसके सापेक्ष अभी 11735 किसानों के लिए ही राहत धनराशि जारी की गई है।
बरेली व आसपास जनपदों की स्वीकृत धनराशि
जनपद किसानों की संख्या धनराशि (रुपये में)
बरेली 11735 30657561
पीलीभीत 10021 22488772
बदायूं 95 302341
रामपुर 4098 19262072
मुरादाबाद 5039 13006893
बिजनौर 73 433001
खीरी 13558 67734389