बरेली: पति पप्पू गिरधारी को गोपी बना कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने खेली फूलों की होली

बरेली: पति पप्पू गिरधारी को गोपी बना कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने खेली फूलों की होली

बरेली, अमृत विचार। वनखंडी नाथ मंदिर परिसर में आयोजित रामलीला के मौके पर दिन के समय कृष्णलीला का आयोजन होता है। गुरुवार को नवमी के मौके पर कृष्णलीला के बाद ‘ब्रज में होली’ का कार्यक्रम हुआ जिसमें वृंदावन के कलाकारों ने लट्ठमार, फूलों और गुलाल की होली खेली। बतौर मुख्य अतिथि उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री …

बरेली, अमृत विचार। वनखंडी नाथ मंदिर परिसर में आयोजित रामलीला के मौके पर दिन के समय कृष्णलीला का आयोजन होता है। गुरुवार को नवमी के मौके पर कृष्णलीला के बाद ‘ब्रज में होली’ का कार्यक्रम हुआ जिसमें वृंदावन के कलाकारों ने लट्ठमार, फूलों और गुलाल की होली खेली। बतौर मुख्य अतिथि उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पहुंचने से कार्यक्रम में और चार चांद लग गए। रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी और परिवार के साथ फूलों की होली खेली।

इस दौरान पप्पू गिरधारी ने गोपी का रूप रखकर जमकर नृत्य किया। इससे हर कोई झूम उठा। पप्पू गिरधारी ने कैबिनेट मंत्री पत्नी से 11 हजार रुपये का नेग भी लिया। उत्तराखंड से आए कलाकारों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुति देकर समां बांधा। उन्होंने लोकनृत्य के माध्यम से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कैबिनेट मंत्री ने राधा कृष्ण पर फूल बरसाकर कार्यक्रम का आरंभ किया।

उसके बाद सभी के साथ गुलाल से होली खेली गई। कृष्ण और कैबिनेट मंत्री ने पालकी पर बैठकर दर्शकों पर गुलाल उड़ाया। कुछ समय के लिए पूरा रामलीला पंडाल होली कार्यक्रम में रंगमय हो गया। इस भव्य कार्यक्रम के हजारों की संख्या में दर्शक गवाह बने। श्री रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि श्री राम ने भगवान होते हुए भी आम लोगों की तरह जीवन व्यतीत किया और लोगों के लिए अपने व्यक्तित्व का संदेश दिया। लोगों को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए जिस तरह से देश को चलाने के लिए संविधान की जरूरत पड़ती है। उसी तरह व्यक्तित्व के लिए रामायण रूपी संविधान भी जरूरी है जिससे अच्छे समाज का निर्माण हो।

इधर रात में रामलीला में कुंभकर्ण वध, अहिरावण वध, मेघनाद वध आदि लीलाओं का मंचन किया गया। इस मौके पर संयोजक धर्मेन्द्र राठौर, अध्यक्ष सुरेश चंद्र राठौर, हरिओम राठौर, लक्ष्मी नारायण राठौर, भैरो प्रसाद राठौर, तारा सम्राट साहू, विशाल राठौर, राधेश्याम राठौर, देवेंद्र साहू, सुनील दत्त शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।

ताजा समाचार