एंटोनियो गुटेरेस ने कहा- रूस-यूक्रेन युद्ध को तत्काल रोका जाए, पूरी दुनिया के लिए बेहतर होगा’

एंटोनियो गुटेरेस ने कहा- रूस-यूक्रेन युद्ध को तत्काल रोका जाए, पूरी दुनिया के लिए बेहतर होगा’

संयुक्त राष्ट्र। यूक्रेन पर रूस के हमले के सौ दिन पूरे हो गए हैं, ऐसे में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने हिंसा को तत्काल रोकने की अपनी अपील दोहराई है। गुटेरेस ने नागरिकों की रक्षा, उन्हें मानवीय सहायता मुहैया कराने और युद्धग्रस्त इलाकों में फंसे लोगों को तत्काल सुरक्षित निकाले जाने तथा मानवाधिकारों का …

संयुक्त राष्ट्र। यूक्रेन पर रूस के हमले के सौ दिन पूरे हो गए हैं, ऐसे में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने हिंसा को तत्काल रोकने की अपनी अपील दोहराई है। गुटेरेस ने नागरिकों की रक्षा, उन्हें मानवीय सहायता मुहैया कराने और युद्धग्रस्त इलाकों में फंसे लोगों को तत्काल सुरक्षित निकाले जाने तथा मानवाधिकारों का सम्मान करने की भी अपील की।

उन्होंने शुक्रवार को एक बयान में कहा, ‘‘संघर्ष में पहले ही हजारों लोगों की जानें जा चुकी हैं, भारी पैमाने पर विध्वंस हुआ है, लाखों लोग विस्थापित हुए हैं और इससे मानवाधिकारों का ऐसा उल्लंघन हुआ है जो स्वीकार्य नहीं है। इन सब से खाद्य, ऊर्जा और वित्त – तीन आयामों वाला वैश्विक संकट पैदा हुआ है जो जरूरतमंदों, देशों और अर्थव्यवस्थाओं को प्रभावित कर रहा है।’’

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि युद्ध के पहले ही दिन से संयुक्त राष्ट्र यूक्रेन की जनता का समर्थन कर रहा है, साथ ही ‘‘लगातार चलने वाली लड़ाई के खतरों और इसके दीर्घकालिक असर के बारे में बताता रहा है।’’ गुतारेस ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र मानवीय प्रयासों के लिए प्रतिबद्ध है ‘‘लेकिन मैं शुरुआत से कहता आ रहा हूं कि संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत जरूरी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस युद्ध को समाप्त कराने के लिए जितनी जल्दी पक्षकार प्रयास शुरू करेंगे, उतना ही यूक्रेन, रूस और पूरी दुनिया के लिए बेहतर होगा।’’

खाद्य निर्यात पर बातचीत सकारात्मक रही

संयुक्त राष्ट्र ने शुक्रवार को कहा कि बढ़ते खाद्य संकट के बीच कृषि निर्यात पर एक समझौते तक पहुंचने के संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों के तहत मानवीय प्रमुख मार्टिन ग्रिफिथ्स ने रूसी अधिकारियों के साथ ‘‘स्पष्ट और रचनात्मक चर्चा’’ की। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने संवाददाताओं से कहा कि ग्रिफिथ्स ने बुधवार और गुरुवार को विदेश मामलों और रक्षा मंत्रालयों के अधिकारियों के साथ बैठकें कीं, जिसमें काला सागर पर यूक्रेन के बंदरगाहों से वैश्विक बाजारों में अनाज और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्यात को सुविधाजनक बनाने के तरीकों पर चर्चा हुई। व्यापार और विकास मामलों की महासचिव रेबेका ग्रिनस्पैन ने रूस की राजधानी की सोमवार को यात्रा की जिसके बाद ये बैठकें हुईं, जो वैश्विक बाजारों में रूसी अनाज और उर्वरक उपलब्ध करने पर केंद्रित रहीं। दुजारिक ने शुक्रवार को कहा कि ‘हमने विभिन्न देशों से बहुत सारी सकारात्मक टिप्पणियां देखी हैं।’’ दुजारिक ने पुष्टि की कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने रूस के करीबी सहयोगी बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको से निर्यात मुद्दों के बारे में शुक्रवार को बात की।

रूस-यूक्रेन युद्ध में प्रमुख घटनाक्रम

घातक रहस्य: इलेक्ट्रॉनिक अस्त्र रूस-यूक्रेन युद्ध को आकार दे रहे हैं। – विश्लेषकों का मानना ​​है कि रूस 100 दिनों के युद्ध के बाद यूक्रेन में अभी और दिन टिक रह सकता है। – एपी की तस्वीरें: पश्चिमी कंपनियों के बाहर निकलने के बाद रूसी मॉल आधे-खाली। – अमेरिका और सहयोगी: यूक्रेन अपराधों के लिए रूस को जवाबदेह ठहराया जाए। – रूस के रूढ़िवादी नेता यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों से बचे।

अन्य घटनाक्रम

मॉस्को – रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को अमेरिका और यूरोप को उन ऊर्जा समस्याओं के लिए दोषी ठहराया, जिनका वे सामना कर रहे हैं। रूसी टीवी पर पुतिन ने कहा कि उन देशों ने अदूरदर्शी नीतियां अपनाईं जो सौर, पवन और हाइड्रोजन जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों पर बहुत अधिक निर्भर हैं। उनके विचार में समस्या यह है कि यूरोपीय लोगों ने रूस की चेतावनियों के बावजूद उसके साथ दीर्घकालिक प्राकृतिक गैस आपूर्ति अनुबंध बनाए रखने से इनकार कर दिया। प्राकृतिक गैस की उच्च कीमतों ने भी उर्वरक लागत में वृद्धि की। प्राकृतिक गैस का उपयोग उर्वरक निर्माण में भारी मात्रा में किया जाता है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को उभरते वैश्विक खाद्य और ऊर्जा संकट के लिए पश्चिमी देशों को दोषी ठहराया और समुद्री क्षेत्र से बारूदी सुरंग हटाए जाने की सूरत में यूक्रेन से अनाज निर्यात करने वाले जहाजों के लिए सुरक्षित मार्ग बनाने के अपनी सरकार के प्रस्तावों को दोहराया।

जिनेवा – स्विट्जरलैंड की सरकार ने शुक्रवार को स्विस ‘‘तटस्थता कानून’’ का हवाला देते हुए कहा कि वह डेनमार्क द्वारा यूक्रेन में लगभग दो दर्जन स्विस-निर्मित बख्तरबंद कार्मिक वाहनों को भेजने के अनुरोध को स्वीकार नहीं करेगी। यह कानून स्विट्जरलैंड को युद्ध में किसी देश को युद्ध सामग्री के निर्यात पर प्रतिबंध लगाता है।

रेहोबोथ बीच, डेलावेयर (अमेरिका) – अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें लगता है कि यूक्रेन में रूस के युद्ध को समाप्त करने के लिए ‘‘बातचीत के जरिए समझौता’’ आवश्यक होगा। यह पूछे जाने पर कि क्या युद्ध को समाप्त करने और क्षेत्र में शांति लाने के लिए यूक्रेन को अपना कुछ क्षेत्र रूस को देना चाहिए, बाइडन ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन की राय जाने बिना उसके बारे में कोई निर्णय नहीं करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह उनका क्षेत्र है’’ और ‘‘मैं उन्हें यह नहीं बताने जा रहा हूं कि उन्हें क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।’’

पेरिस – फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन में एक फ्रांसीसी व्यक्ति ‘‘लड़ाई में’’ मारा गया। हालांकि, मंत्रालय ने खारकीव क्षेत्र में एक फ्रांसीसी स्वयंसेवी लड़ाके की मौत को लेकर पूछे जाने पर एक पत्रकार के सवाल के लिखित जवाब में विस्तार से नहीं बताया। यूक्रेन में मौजूद फ्रांसीसी स्वयंसेवी लड़ाकों की संख्या ज्ञात नहीं है।

ब्रसेल्स – यूरोपीय संघ का कहना है कि उसने अपने ताजा प्रतिबंधों के तहत यूक्रेन में अत्याचार में लिप्त रूसी सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाया है, जिसमें बुचा में युद्ध अपराधों के लिए जिम्मेदार शीर्ष अधिकारी और मारियुपोल की घेराबंदी शामिल हैं।

कीव, यूक्रेन – यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उनका देश रूसी आक्रमण के खिलाफ अपने प्रतिरोध को नहीं रोकेगा। जेलेंस्की ने शुक्रवार को युद्ध के 100 दिन पूरे होने पर वीडियो के जरिए अपने संबोधन में कहा, ‘‘हमारी टीम बहुत बड़ी है। यूक्रेन की सेना यहां हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमारे लोग यहां हैं। हमने 100 दिनों की लड़ाई में यूक्रेन का बचाव किया है। जीत हमारी होगी।’’

ये भी पढ़ें : दुनियाभर में मंकीपॉक्स के 640 से अधिक मामले दर्ज, ब्रिटेन-स्पेन में तेजी से फैल रहा संक्रमण

ताजा समाचार

कानपुर में फंदे पर लटकता मिला एयरफोर्स कर्मी की बहन का शव, हत्या का आरोप; मायके पक्ष के लोग बोले- बेटी होने पर करते थे प्रताड़ित
'31 मार्च 2026 के बाद नक्सलवाद केवल इतिहास बनकर रह जाएगा', छत्तीसगढ़ में बोले अमित शाह 
इटावा में शार्ट सर्किट से मकान की तीसरी मंजिल में लगी आग; दमकल ने डेढ़ घंटे की मशक्कत कर पाया काबू, आठ लाख का नुकसान
गुटबाजी, अंर्तकलह ने कराई स्वास्थ्य महकमे की किरकिरी: चर्चा में डिप्टी सीएमओ निलंबन प्रकरण
Kanpur: आवास योजना में लापरवाही, अफसरों को लगी फटकार, सीडीओ ने विभागों की समीक्षा में अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम
इटावा में रामगोपाल यादव बोले- करणी सेना तो संगठित अपराधियों का गिरोह...RSS मुख्यालय जाए बिना कैसे रह सकते हैं प्रधानमंत्री