बरेली: 300 बेड अस्पताल चालू होगा, संविदा पर डाक्टरों की भर्ती कराएंगे- ब्रजेश पाठक
बरेली, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री/स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि बरेली के सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी पूरी करने के लिए संविदा पर डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी। जिलाधिकारी और सीएमओ को संयुक्त रूप से कार्ययोजना बनाकर नियमानुसार संविदा पर डॉक्टरों की भर्ती कराने के लिए गुरुवार को होने वाली बैठक में …
बरेली, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री/स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि बरेली के सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी पूरी करने के लिए संविदा पर डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी। जिलाधिकारी और सीएमओ को संयुक्त रूप से कार्ययोजना बनाकर नियमानुसार संविदा पर डॉक्टरों की भर्ती कराने के लिए गुरुवार को होने वाली बैठक में निर्देश दिए जाएंगे। राज्य के जिन मेडिकल कॉलेज से छात्र-छात्राएं एमबीबीएस-एमडी करने की डिग्री लेकर पासआउट हो रहे हैं, उनसे दो साल का बांड पहले ही भरवाया गया है ताकि वे दो साल तक अपनी सेवाएं सरकारी अस्पतालों में दे सकें।
बुधवार देर शाम भाजपा कार्यालय पर पत्रकार वार्ता करते हुए उन्होंने बताया कि 300 बेड अस्पताल में जल्द लोगों को इलाज मिलना शुरू हो, इसके लिए वह बरेली दौरे पर आए हैं। यहां कितने स्टाफ की जरूरत है, क्या-क्या कमियां हैं समेत अन्य सभी बिंदुओं पर समीक्षा करेंगे। यह मंडल का सबसे बड़ा अस्पताल बने, ऐसी व्यवस्था कराने के प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि प्रतिदिन जनपद में चार हजार की ओपीडी है। जबकि प्रदेश में 1.50 लाख की ओपीडी होती है। 2017 से पहले स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी थीं। इन्हें पटरी पर लेकर आए हैं। पहले डाक्टर हस्ताक्षर कर ओपीडी से चले जाते थे।
भाजपा सरकार में ओपीडी के पूरे समय डॉक्टर बैठते हैं। ब्रजेश पाठक ने बताया कि गुरुवार काे कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य सेवाओं की कमियां दूर करने के प्रत्येक बिंदु पर अधिकारियों से बात होगी। जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार की शिकायत पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा। डॉक्टरों की वायरल चैट का मामला संज्ञान में है। सीएमओ कार्यालय में मिली एक्सपायर दवाओं के मामले में भी जांच के निर्देश दिए हैं। समीक्षा बैठक में भी इन मामलों पर अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। इस मौके पर भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर भी मौजूद रहे।
वहीं भाजपा कार्यालय में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पदाधिकारियों के मान सम्मान को ऊंचा रखने के साथ उनमें ऊर्जा का संचार किया। बरेली, आंवला और महानगर के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे के लिए पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं करूंगा। हर पल मैं आपके साथ खड़ा हूं। कार्यकर्ताओं के साथ से भाजपा 2014 से प्रत्येक चुनाव जीतती आ रही है।
निकाय चुनाव और 2024 की तैयारियां पर बोलते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि बरेली हमारे लिए महत्वपूर्ण है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष डा केएम अरोरा, आंवला अध्यक्ष वीर सिंह पाल, मेयर डा उमेश गौतम, विधायक डा एमपी आर्य, विधायक डा डीसी वर्मा, विधायक डा राघवेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक बहोरन लाल मौर्य, पंडित राम गोपाल मिश्रा, संतोष सिंह, सोमपाल शर्मा, वीरपाल गंगवार, नीरेंद्र सिंह राठौर, अभय चौहान, राहुल साहू, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी, अंकित शुक्ला, अजय सक्सेना, मेघनाथ सिंह कठेरिया, डॉ मनोज गुप्ता कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भ्रष्टाचार-अपराध दोनों पर जीरो टालरेंस नीति से काम हाे रहा
स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और अपराध दोनों पर जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। महिला, बच्चों के अपराधों में कमी आई है। हाल ही में एनआरसीबी की रिपोर्ट ने यूपी को दंगा मुक्त प्रदेश घोषित किया है। सपा सरकार में 1000 से अधिक दंगे हुए थे। गलत करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सपा ने अपने चरित्र में नहीं किया परिवर्तन, भूमाफिया की पोशक
सपा, कांग्रेस या अन्य दल समाप्त हो चुके हैं। कुछ दिन पहले सपा के मुखिया आजमगढ़ जेल में जाकर दुर्दांत अपराधी से मिले हैं। उन्होंने अपने चरित्र में परिवर्तन नहीं किया है। सपा भूमाफिया की पोशक है। पिछले चार चुनाव में जनता ने उन्हें किनारे कर दिया है। 2014 से जो भी चुनाव हुए हैं, उन्हें जनता नकारती आई है।
जल जीवन मिशन की समीक्षा आज
डिप्टी सीएम का कहना है कि केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना में हर घर को नल से पानी पहुंचाने में कहां दिक्कतें आ रही हैं। कितनी पंचायतों में टंकी बनाने को जमीनें नहीं मिल रही हैं। इसकी समीक्षा बैठक में करेंगे। जिम्मेदारों को सख्त निर्देश दिए जाएंगे कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: तेजी से बढ़ रहा हेपेटाइटिस का खतरा, करें बचाव