बरेली: पहाड़ों की झील जैसा अक्षर विहार में उठा सकेंगे आनंद

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत अक्षर विहार झील को विकसित किया जा रहा है। अक्षर विहार में जल्द ही लोग नौकायन का आनंद ले सकेंगे। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, मेयर डा. उमेश गौतम ने स्मार्ट सिटी के तहत तमाम परियोजनाओं के साथ इस कार्य का भी शिलान्यास शनिवार को किया। इसके साथ …
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत अक्षर विहार झील को विकसित किया जा रहा है। अक्षर विहार में जल्द ही लोग नौकायन का आनंद ले सकेंगे। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, मेयर डा. उमेश गौतम ने स्मार्ट सिटी के तहत तमाम परियोजनाओं के साथ इस कार्य का भी शिलान्यास शनिवार को किया। इसके साथ ही कुतुबखाना घंटाघर का सौंदर्यीकरण कराने के लिए भी आधारशिला रखी गई।
अक्षर विहार तालाब के सौंदर्यीकरण के साथ ही उसकी सफाई भी कराई जाएगी। तालाब में नौकायन के भी इंतजाम होंगे। बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी के सीनियर महाप्रबंधक बीके सिंह ने बताया कि घंटाघर के सौंदर्यीकरण के साथ ही वहां मोती पार्क और पार्किंग क्षेत्र को भी विकसित किए जाने की योजना है। शहर में भीड़भाड़ से ऊब चुके लोगों को यह जगह काफी सुकून देगी।
वहीं, तालाब को गंदा करने वाले नाले को भी कैंट क्षेत्र से होते हुए नकटिया नदी तक करीब सवा किलोमीटर आगे तक बनाया जाएगा। दोनों कार्य छह महीने में पूरे होंगे। इस मौके पर बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ अभिषेक आनंद, महाप्रबंधक संजय चौहान आदि मौजूद रहे।
अक्षर विहार और घंटाघर में होंगे ये काम
अक्षर विहार तालाब में 3.97 करोड़ से कई काम होंगे। इसमें मनोरंजन का स्थान विकसित होगा, संगीतमय फव्वारा, नौकायन के साथ ही तालाब के आसपास क्षेत्र का सुधार व विकास किया जाएगा। तालाब के आसपास लेजर व फाउंटेन शो होगा। पार्क से नकटिया नदी तक नाला निर्माण भी होना है। जबकि घंटाघर पर 90 लाख से सुधार कार्य होंगे। इसमें पार्क का सौंदर्यीकरण, पाथ वे, कार पार्किंग सहित कई काम कराए जाएंगे।
शहर को खूबसूरत बनाने के लिए योजनाएं शुरू की जा रही हैं। इसमें अक्षर विहार और घंटाघर दोनों ही का काम काफी महत्वपूर्ण है। इनके विकास की योजना तैयार है। छह महीने के अंदर काम पूरा कराया जाना है। -डॉ. उमेश गौतम, मेयर
अक्षर विहार तालाब में लोग वोटिंग का मजा ले पाएंगे। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत घंटाघर को भी खूबसूरत बनाया जा रहा है।-अभिषेक आनंद, सीईओ, बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी