सुहागरात पर दुल्हन की हत्या कर दूल्हे ने लगाया फंदा, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार

सुहागरात पर दुल्हन की हत्या कर दूल्हे ने लगाया फंदा, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार

अयोध्या, अमृत विचार। थाना कैंट अंतर्गत सहादतगंज स्थित मुरावन टोला में रविवार की सुबह शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गई जब दुल्हा व दुल्हन अपने कमरे में मृत पाए गए। दुल्हन का शव बिस्तर पर पड़ा था, जबकि दूल्हे का शव कमरे में लगे पंखे पर गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। दुल्हन के गले पर मिले निशान के आधार पर संभावना जताई जा रही है कि दूल्हे ने दुल्हन की हत्या कर खुद आत्महत्या कर ली। हालांकि दोनों की मौत के साथ यह राज भी दफन हो गया।  

मुरावन टोला निवासी प्रदीप कुमार (26) पुत्र स्व भग्गन का विवाह फरवरी 2024 में थाना खंडासा के डीली सरैया गांव के महोलिया निवासी मनकू राम की पुत्री शिवानी (23) के साथ तय था। विवाह सात मार्च 2025 को था, बड़े धूमधाम से बारात गई, लड़की पक्ष वालों ने भी खूब स्वागत किया। आठ मार्च को दोपहर करीब एक बजे बारात दुल्हन को लेकर वापस आई। रात में सुहागरात के लिए कमरा भी सजाया गया, घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। नौ मार्च को बहूभोज होना था, सुबह से ही रिश्तेदार तैयारी में लगे थे। सुबह करीब सात बजे तक जब दुल्हा व दुल्हन अपने कमरे से नहीं निकले तो मां ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक दरवाजा न खुलने व अंदर से कोई आवाज न आने पर कुछ रिश्तेदारों ने खिड़की की जाली से अंदर देखा तो दुल्हा प्रदीप का पैर लटकता हुआ दिखाई दिया। इस पर खिड़की तोड़कर दरवाजा खोला गया तो देखा दुल्हन शिवानी बिस्तर पर पड़ी थी जबकि दूल्हा प्रदीप छत पर लगे पंखे में गमछे के सहारे लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो दोनों मृत पाए गए। यह सुन शादी वाले घर में कोहराम छा गया। मां व बहनें तो बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था, रात में तो दोनों खुश थे, अचानक रात में क्या हो गया। घटना की सूचना पर पहुंचे एसएसपी राजकरन नैयर, सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह, कैंट थाना प्रभारी पंकज सिंह समेत फोरेंसिक टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की।  

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नैयर ने बताया कि दोनों का शव कमरे में मिला है, कमरा अंदर से बंद था। संभावना है कि दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिससे यह घटना हो गई। इसमें किसी अन्य के शामिल होने की संभावना न के बराबर है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने पर मौत के कारण स्पष्ट होंगे। हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।  

आखिर बंद कमरे में दोनों के बीच क्या हुआ  

शादी की पहली रात, सुहागरात की सेज सजी हुई थी, घर में बहनें हठी ठिठोली कर रही थीं। घरवालों के अनुसार रात करीब 12 बजे बहनों से प्रदीप को उसके कमरे तक पहुंचाया, इसका नेग भी लिया। दुल्हन के पास मोबाइल नहीं था, सास ने सुबह फोन दिलाने का वादा भी किया था। दोनों बहुत खुश भी थे। फिर रात में दोनों के बीच ऐसा क्या हो गया कि दोनों मौत की नींद में सो गए। दोनों परिवारों से पूछताछ, अन्य जांच के बाद पुलिस किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। संभावना जताई जा रही है कि दोनों की मौत के साथ यह राज भी दफन हो गया।  

दो भाई व चार बहनों में सिर्फ प्रदीप ही अविवाहित था। उसके पिता का 22 वर्ष पहले ही एक दुर्घटना में देहांत हो गया था। प्रदीप टाइल्स लगाने का काम करता था, इससे वह अच्छे पैसे कमाता था। जबकि उसका बड़ा भाई दीपक ट्रक चलाता था। दोनों भाइयों ने अपनी मेहनत से अपनी बहनों का विवाह किया साथ ही घर आदि बनाया। आसपास के लोग बताते हैं कि प्रदीप बेहद खुशदिल व मिलनसार था, उसने कभी शराब-पान आदि को हाथ भी नहीं लगाया।  

अरेंज मैरिज थी, एक साल पहले हुई थी सगाई  

प्रदीप व शिवानी का विवाह दोनों परिवारों की रजामंदी से हुआ था। फरवरी 2024 में सगाई होने के बाद से दोनों की फोन पर रोजाना बात होती थी।  घरवालों के अनुसार दोनों एक-दूसरे का साथ पाकर खुश भी थे। पड़ोसियों का कहना है कि सुहागरात के दौरान ऐसा क्या हो गया, जिससे दोनों की मौत हो गई।  
  
खूब नाच-गाना हुआ, जो मांगा वो दिया.....  

दुल्हन शिवानी दो बहनों व एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसने कक्षा आठ तक की पढ़ाई की थी। पिता मनकू राम लोहा मंडी में काम करते हैं। सूचना पर मां-बाप, रिश्तेदारों समेत गांव के सैकड़ों लोग बेटी के ससुराल पहुंचे। उसकी मां ने रोते हुए बताया कि खूब अच्छे से शादी की, खूब नाच-गाना हुआ। जो मांगा था, उससे कहीं ज्यादा ही दिया, कहीं कोई विवाद भी नहीं हुआ था। सगाई के बाद से दोनों की बात भी होती थी, इस रिश्ते से बेटी बहुत खुश भी थी। पिता तो बात करने की स्थिति में ही नहीं थे, बाबा सालिगराम व चाचा संतराम ने बताया कि बेटी को अच्छे से विदा किया था, न जाने दोनों में क्या हो गया। प्रदीप और शिवानी दोनों को पोस्टमार्टम के बाद एक ही चिता पर जला दिया गया।

यह भी पढ़ें- Bahraich News : खोया और पनीर के छह नमूने जांच को भेजा

ताजा समाचार