Kundarki By-Election Results 2024: कुंदरकी सीट पर खिला कमल, भाजपा के रामवीर सिंह ने 1,44,791 मतों से दर्ज की जीत

मदन स्थल के अंदर नेता व सुरक्षा में मौजूद पुलिस बल।
मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की कुंदरकी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी रामवीर सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मोहम्मद रिजवान को 1,44,791 मतों के भारी अंतर से हराकर जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग के अनुसार, रामवीर सिंह (भाजपा) को 1,70,371 वोट मिले जबकि सपा के मोहम्मद रिजवान को 25,580 वोट हासिल हुए।
आंकड़ों के मुताबिक, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के चांद बाबू 14201 के साथ तीसरे, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के मोहम्मद वरीश 8111 मतों के साथ चौथे और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के रफतुल्ला महज 1,099 मतों के साथ पांचवें स्थान पर रहे। इस वर्ष कुंदरकी सीट से विधायक जियाउर रहमान (सपा) के लोकसभा चुनाव में संभल संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित होने के बाद यह सीट खाली हुई थी।
आठवें राउंड की मतगणना पूरी, भाजपा प्रत्याशी की बढ़त बरकरार
कुंदरकी विधानसभा के उप चुनाव में अब तक 8 राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। जिसमें सपा प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान को 5941, बसपा के रफत उल्ला को केवल 270, भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह को 46211 वोट मिले हैं। जबकि आजाद समाज पार्टी के चांद बाबू को 2341, एआईएमआईएम के मोहम्मद वारिस को 1904 वोट मिले हैं। अब तक कुल 57366 मतों की गिनती पूरी हो गई है।
- छठें राउंड तक 39489 मतों की गिनती पूरी हो गई है। जिसमें भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह को 30988 वोट मिल चुके हैं। जबकि दूसरे नंबर पर चल रहे सपा के मोहम्मद रिजवान को 4827 मत मिले हैं।
- भाजपा प्रत्याशी रामवीर सपा के रिजवान से सातवें राउंड में छह गुना वोटों से आगे हैं। अभी 25 राउंड बाकी हैं।
कुंदरकी से 18086 मतों से भाजपा प्रत्याशी आगे
मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा के उप चुनाव में अब.तक चार राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। अब तक भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह 18086 मतों से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पूर्व विधायक मोहम्मद रिजवान से आगे चल रहे हैं। चार राउंड की मतगणना में सपा प्रत्याशी रिजवान को 2815, बसपा के रफत उल्ला को सिर्फ 121, भाजपा के रामवीर सिंह को 20991, चांद बाबू को 1232 वोट मिले हैं। अब तक कुल 26248 मतों की गिनती पूरी हो चुकी है।
50 हजार से अधिक वोट से जीत दर्ज करूंगा-रामवीर सिंह
अपनी जीत के लिए भाजपा भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि ये भाजपा के कार्यकर्ताओं, हर धर्म-जाती की मेहनत का नतीजा है। उन्हें ही इसका श्रेय जाता है। हाजी रिजवान के गांव में दो बूथ है, उनमें एक बूथ पर आगे हूं। दूसरे बूथ पर लगभग बराबरी है। मैं सभी बुथों पर चुनाव जीत रहा हूं। 50 हजार से अधिक वोट से जीत दर्ज करूंगा।
मतगणना स्थल पर पहुंचे भाजपा प्रत्याशी ठाकुर रामवीर सिंह
- तीसरे राउंड की मतगणना के बाद सपा प्रत्याशी मो. रिजवान को 2181 और भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह को 13149 वोट मिले हैं। अब तक तीन राउंड की मतगणना में कुल 17338 वोटों की गिनती पूरी हो गई है।
- दूसरे राउंड की मतगणना के बाद कुंदरकी विधानसभा के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह 6662 वोट से आगे हैं। अब तक 9670 मतों की गिनती हो गई है।
पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी 3394 वोटों से आगे
कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव में मतों की गिनती मंडी समिति में चल रही है। प्रथम राउंड की मतगणना में सपा के रिजवान को 383, बसपा के रफतउल्ला को 32, भाजपा के रामवीर सिंह को 3777 वोट मिले हैं। कुल 4828 वोटों की गिनती पूरी हो गई।
14 टेबल पर होगी मतगणना, 32 राउंड तक चलेगी
32 राउंड तक मतगणना चलेगी। हर राउंड में 14 टेबल पर मतगणना होगी। 32 राउंड के बाद अधिकृत रूप से परिणाम की घोषणा होगी। सुबह 8 बजे से मंडी समिति में मतों की गिनती कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें : UP By-Election Results 2024: यूपी की नौ विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए मतगणना शुरु