बदायूं: दो पक्षों में फायरिंग मामले में 16 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

मंगलवार देर शाम कटरी क्षेत्र में खेत पर दो पक्षों में हुई थी फायरिंग

बदायूं: दो पक्षों में फायरिंग मामले में 16 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

बदायूं, अमृत विचार। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव करीमगंज में पुरानी मुकदमाबाजी को लेकर दो पक्ष मंगलवार देर शाम आमने-सामने आ गए थे। दोनों पक्ष में कहासुनी और फिर फायरिंग हुई थी। गोली लगने से दोनों पक्ष के दो सगे भाइयों समेत तीन लोग घायल हो गए थे। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों भाइयों का जिला अस्पताल और तीसरे का बरेली के अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने 16 लोगों पर जानलेवा हमला, बलवा आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। 

गांव करीमगंज निवासी संजीव और अमरजीत के बीच दो साल से विवाद चल रहा है। दोनों के बीच मुकदमाबाजी भी हुई है। जिसके चलते दोनों पक्षों में अक्सर मारपीट होती थी। मंगलवार देर शाम संजीव अपने भाइयों के साथ रामगंगा की कटरी स्थित खेत पर बाजरा की फसल काट रहे थे। इसी दौरान अमरजीत पक्ष खेत पर पहुंच गया। दोनों पक्ष में कहासुनी होने लगी। जो मारपीट में बदल गई। कुछ देर के बाद दोनों पक्ष में फायरिंग होने लगी। कई राउंड फायरिंग हुई। कटरी गोलियों की गूंज से तड़तड़ा उठी। संजीव, उसके भाई सुनील और दूसरे पक्ष के अमरजीत को गोली लगी। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दो लोगों को हिरासत में ले लिया। तीनों घायलों को दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सक ने संजीव और सुनील को जिला अस्पताल और अमरजीत को बरेली रेफर किया। संजीव के भाई दुर्गेश ने पुलिस को तहरीर दी। 

इन लोगों पर रिपोर्ट की गई दर्ज
पुलिस ने वीरेंद्र, बबलू, सुरजीत, सरबजीत, रवेंद्र, अखिलेश, पुष्पेंद्र, राकेश, मोहरपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। वहीं अमरजीत पक्ष के अखिलेश की तहरीर पर सुनील, दुर्वेश, संजीव, राजकुमार, जगपाल, टंकारी उर्फ रजिस्टर, शैलेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। प्रभारी निरीक्षक अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि दोनों पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। दबिश दी जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - बदायूं: नीलकंठ महादेव मंदिर-जामा मस्जिद मामले में सुनवाई 29 को