Lucknow News: खेत में अर्धनग्न हालत में मिला महिला के शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, शरीर पर मिले चोट के निशान

Lucknow News: खेत में अर्धनग्न हालत में मिला महिला के शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, शरीर पर मिले चोट के निशान

लखनऊ, अमृत विचार। इटौंजा के अकड़रिया खुर्द गांव में खेत में शुक्रवार को एक महिला का अर्धनग्न हालात में शव मिला। ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। महिला के शरीर पर मौजूद चोटें, खरोंचे और परिस्थितजन्य साक्ष्य भी हत्या की ओर ही इशारा कर रहे हैं। पुलिस ने शव के शिनाख्त का प्रयास कर रही है।

अकड़रिया खुर्द गांव में किसान रामकरन परिजनों के साथ रहते हैं। गांव के बाहरी हिस्से में उनका खेत है। वह शुक्रवार दोपहर को पशुओं को चराने के लिए खेत में गए थे। खेत में घास के बीच से उन्हें बदबू महसूस हुई। वह पास में पहुंचे तो लगभग 35 वर्षीय महिला का अर्धनग्न हालत में शव पड़ा हुआ था। शरीर पर सिर्फ ब्लाउज मौजूद था। रामकरन के खेत में महिला का शव मिलने की सूचना आग की तरह गांव में फैल गई। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ वहां जुट गई। इसी बीच ग्रामीणों ने इटौंजा पुलिस को महिला का शव खेत में मिलने की जानकारी दे दी। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

ग्रामीणों ने बताया कि महिला के सिर, मुंह व शरीर पर कई जगह पर चोटें है। यही नहीं शरीर पर रगड़ और खरोंचें भी मौजूद थीं। महिला की साड़ी और पेटीकोट कुछ दूरी पर पड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि महिला के दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस यह कयास लगा रही है कि महिला कहीं और की रहने वाली है। वहीं ग्रामीणों का यह भी कहना है कि ऐसा लग रहा है कि महिला को कहीं ओर से घटनास्थल पर लाया गया था। इसके बाद सुनसान स्थान का फायदा उठा कर शव को ठिकाने लगा दिया गया।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य

एडीसीपी उत्तरी जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि घटनास्थल पर फील्ड यूनिट के साथ-साथ फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया था। छानबीन के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महिला की साड़ी, पेटीकोट, बीड़ी, सिगरेट के टुकड़े व कुछ अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि महिला के शरीर से बदबू आ रही थी। लिहाजा यही लग रहा है कि महिला का शव तीन से चार दिन पुराना है।

बीकेटी से शिनाख्त के लिए पहुंचा, नहीं हुई पहचान

बीकेटी इलाके से एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में चार दिन पहले गायब हो गई थी। परिजनों ने बीकेटी पुलिस को सूचना भी दी थी। शुक्रवार को इटौंजा में महिला का शव संदिग्ध हालात में मिलने की सूचना बीकेटी पुलिस को भी दी। बीकेटी पुलिस ने उनके क्षेत्र से गायब हुई महिला के परिजनों को दी। परिजन शव की शिनाख्त करने के लिए पहुंचे। उन्हों महिला के शव की फोटो और कपड़े दिखाए गए, लेकिन उन्होंने शव की शिनाख्त नहीं की। शव किसी ओर महिला का है। पुलिस महिला के शव की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।