अयोध्या में बाढ़ का कहर, पूराबाजार में 15 तो रुदौली के 12 गांवों के परिवार बाढ़ की चपेट में, पलायन शुरू 

सरयू नदी का जल स्तर बढ़ने से पलायन शुरू, प्रशासन ने शुरू किया बचाव और राहत कार्य 

अयोध्या में बाढ़ का कहर, पूराबाजार में 15 तो रुदौली के 12 गांवों के परिवार बाढ़ की चपेट में, पलायन शुरू 
अयोध्या : पिपरी संग्राम में एसडीएम सदर विकास दुबे नाव से बाढ़ क्षेत्र का जायजा लेते हुए

पूराबाजार/रुदौली/अयोध्या, अमृत विचार। सरयू नदी में जल स्तर बढ़ने के साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोग भयभीत होकर पलायन करने लगे हैं। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ पीड़ितों को गांवों से निकलने के लिए नाव लगायी गई है। इलाके में करीब 15 गांवों के 1413 परिवार बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। सबसे बढ़ा संकट बार बार आने वाली बाढ़ को लेकर खड़ा हो गया है। लोगों को खाने पीने के साथ पशुओं के चारे और फसलों का नुकसान झेलना पड़ रहा है। 

सदर तहसील के पूराबाजार ब्लाक के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के पिपरी संग्राम, पूरे चेतन, सलेमपुर, उरदहवा मूडाडीहा बस्ती, बलुइया माझा, सेवरहवा, गिलन्ट, मदराही, नयी दुनिया, पनसैवा, धनी का पुरवा, सीताराम का पुरवा, काजीपुर माझा, पुनवासी का पुरवा सरयू नदी में आई बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। मड़ना माझा बलुइया के दुर्गेश निषाद, शंकर निषाद, रामसागर यादव, वीरेंद्र निषाद, रामसागर, सियाराम बताते हैं नदी के पानी से गांव घिर गये हैं। अब सुरक्षित स्थानों की तलाश जारी है।

प्रधान प्रतिनिधि ओम प्रकाश यादव, रामपुर पुआरी माझा के प्रधान रमेश निषाद ने बताया कि नदी का पानी तेजी के साथ बढ़ रहा है। जिससे गांव घिर गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर समुचित प्रबंध की जरूरत है। मूडाडीहा माझा के लेखपाल प्रतीक यादव ने बताया कि बाढ़ से घिरे  गांव से निकलने के लिए 12नाव लगाई गई है। बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा जा रहा है। इसके चलते रविवार को एसडीएम सदर विकास दूबे ने राजस्व विभाग के अमले के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के सलेमपुर, उरदहवा, पिपरी संग्राम, पूरे चेतन गांव का दौरा नाव से किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का निर्देश दिया। इसके अलावा लेखपालों को गांव में कैंप करने का आदेश दिया है।बता दे कि सरयू का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

विधायक ने तहसील प्रशासन के साथ किया प्रभावित इलाकों का दौरा, राहत के निर्देश 
सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर से रुदौली तहसील के लगभग 12 गांव बाढ़ की जद में आ गए हैं। रौनाही तटबंध के किनारे बसे लगभग 300 परिवार जलस्तर बढ़ने के चलते परेशानी में आ गए हैं। कैथी मांझा, मंहगू पुरवा, सल्लाहपुर व अब्बुपुर गांव में जलस्तर बढ़ने से  ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

WhatsApp Image 2024-09-15 at 15.45.24_267095fa
अयोध्या : रुदौली के बाढ़ प्रभावित इलाकों में दौरा करते विधायक रामचंद्र यादव

उपजिलाधिकारी रुदौली प्रवीण यादव ने रविवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर पीड़ितों का हाल जाना। कैथी मांझा के लगभग एक दर्जन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। पिछले दो दिनों में सरयू का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर तहसील प्रशासन को पीड़ितों को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए है। उन्होंने बाढ़ के पानी में डूबकर हुई महंगू का पुरवा निवासी नानक सरन की मौत होने पर परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त भी की। कहा कि बाढ़ राहत प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं हैं। बाढ़ पीड़ित राज‌कमल ने बताया कि हम लोगों को नाव की कमी है। 

राम किशोर ने बताया कि पानी बढ़ रहा है। हम लोगों की फसलें में पानी ही पानी है।आज रात तक हम सब के घरों में पानी आ जायेगा। जिस पर विधायक ने निदान कराने का आश्वाशन दिया। इसके अलावा नदी के पानी से चारों तरफ घिरे कैथी मांझा गांव नाव से ही ग्रामीणों का आवागमन हो रहा है। प्रशासन ने अभी यहां चार नावें लगवाई हैं लेकिन ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए विधायक ने उपजिलाधिकारी को और नाव बढ़ने के निर्देश दिए हैं।

उप जिलाधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि अभी जल स्तर बढ़ रहा है। मंहगू पुरवा में गांव के किनारे पानी आ गया है। नाव की व्यवस्था कराई गई है। जिनके घर कट गए हैं और पानी आ गया सडरी प्राथमिक विद्यालय पर उन्हें खाने व रहने की व्यवस्था कराई गई है।

ये भी पढ़ें-इंश्योरेंस इंप्लाइज फेडरेशन के 30वें महाधिवेशन का दूसरा दिन, वी रमेश बोले- देश में पैदा हुए कई तरह के संकट