अगले बरस फिर आने के आह्वान के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन : डीजे की धुन पर डांस के साथ उड़ा अंबीर गुलाल

भारी संख्या में उमड़े भक्त, पुलिस की रही नजर 

अगले बरस फिर आने के आह्वान के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन : डीजे की धुन पर डांस के साथ उड़ा अंबीर गुलाल

बाराबंकी, अमृत विचार : गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ की गूंज और जयघोष से जिला गुुंजायमान हो उठा। दिल में भक्ति भाव लिए गणपति भक्तों ने भावुक माहौल में भी अंबीर गुलाल उड़ाते हुए डीजे की धुन पर भवानीनंदन की प्रतिमा का विसर्जन किया। पूरे जिले में विसर्जन का सिलसिला पुलिस सुरक्षा के बीच दोपहर से शाम तक होता रहा। देर शाम तक कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। अधिकतर विसर्जन सरयू नदी व कल्याणी नदी में हुए। कई स्थानों पर सांस्कृतिक आयोजनों के साथ ही भंडारा भी हुआ। 

मूर्ति विर्सजन

सिरौलीगौसपुर प्रतिनिधि के अनुसार सात दिवसीय गणेशोत्सव का समापन सोमवार को मूर्ति विसर्जन के साथ हुआ। क्षेत्र के रसूलपुर गांव से श्रीगणेश की विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। विसर्जन यात्रा में शामिल सैकड़ों लोगों ने डीजे की धुन पर नाचते गाते हुए सरदहा घाट सरयू नदी पर पहुंच कर गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आना का जय घोष करते हुए विधि विधान से मूर्ति विसर्जन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने खूब गुलाल उड़ाया। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इससे पहले विधि-विधान से पूजा कर गणेश प्रतिमा को स्थापित किया गया था। इसके बाद सात दिवसीय राम कथा एवं अंतिम दिन जागरण के साथ ही विशाल भंडारा आयोजित कर प्रसाद वितरण किया गया।

बप्पा

सोमवार को गजानन महाराज की प्रतिमा के विसर्जन के लिए तमाम श्रद्धालु एकत्र हुए। श्रद्धालुओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर जयकारे लगाए। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान सुरक्षा की द्रष्टि से पुलिस ने कड़े प्रबंध किए थे। दरियाबाद प्रतिनिधि के अनुसार दरियाबाद क्षेत्र में कुल सात स्थानों पर श्री गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई थी। विविध आयोजनों के बाद सोमवार को गणपति की विदाई का दिन भी आ गया। हिंदू नव युवा समिति की ओर से मथुरानगर में स्थापित श्री गणेश प्रतिमा का विसर्जन धूमधाम से किया गया। समिति के अध्यक्ष सौरभ श्रीवास्तव की अगुवाई में सैकड़ों भक्तों की मौजूदगी में डीजे की धुन पर डांस करते युवक प्रतिमा को विसर्जन के लिए कल्याणी नदी ले गए।

उत्साह

यहां पर जयकारों की गूंज के बीच धूमधाम से विसर्जन किया गया। फतेहपुर कस्बे के विभिन्न मंदिरों में गणेश महोत्सव श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। कस्बे के ब्रह्माणी टोला स्थित यशोदा मंदिर में भक्तों द्वारा भगवान गणेश का पुष्पों से श्रृंगार किया गया। वही संतोषी माता मंदिर में स्थापित भगवान गणेश प्रतिमा को मनमोहक ढंग से सजाया गया। मेवे का भाग भगवान को अर्पित किया। इसके बाद जोशी टोला में सिद्धिविनायक भगवान श्री गणेश की झांकियां बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गईं। देर रात भक्तों द्वारा भगवान का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया गया। सोमवार को गणेश प्रतिमा विसर्जित की गई। जिले की अन्य तहसील क्षेत्रों में तमाम स्थानों पर रखी प्रतिमाओं को भी देर शाम तक हजारों लोग पुलिस सुरक्षा के बीच विसर्जन के लिए ले गए।

यह भी पढ़ें:-UP 69000 शिक्षक भर्ती मामला: हाईकोर्ट के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, सरकार को जारी किया नोटिस