Kanpur: सीसामऊ में लगी विकास कार्यों की झड़ी; 3.91 करोड़ की लागत से होंगे 10 कार्य, नगर निगम कार्यकारिणी ने दी स्वीकृति

Kanpur: सीसामऊ में लगी विकास कार्यों की झड़ी; 3.91 करोड़ की लागत से होंगे 10 कार्य, नगर निगम कार्यकारिणी ने दी स्वीकृति

कानपुर, अमृत विचार। सीसामऊ विधानसभा का उप चुनाव क्षेत्र के निवासियों के लिये सौगात लेकर आया है। यहां 38 करोड़ रुपये के कामों का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही कर चुके हैं। अब नगर निगम कार्यकारिणी ने 3.91 करोड़ रुपये के 10 और काम स्वीकृत कर प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए शासन को भेजे हैं। 

इस राशि से विधानसभा क्षेत्र में सड़क, नाली, फुटपाथ के काम होने हैं। महापौर की अनुमति पर पंडित दीन दयाल नगर विकास योजना के अंतर्गत प्रस्तावित 10 कार्यों को नगर निगम कार्यकारिणी के सामने पेश किया गया। नगर आयुक्त सुधीर कुमार, मुख्य अभियंता और अधिशासी अभियंता इन कामों के प्रस्ताव को पहले ही स्वीकृत कर चुके थे। 

यहां पर होंगे सड़क व फुटपाथ के काम 

रायपुरवा थाना से पूर्व सांसद श्याम बिहारी मिश्र के आवास तक सड़क सुधार पर 45 लाख खर्च होंगे। चंद्रिका देवी चौराहा से जीटी रोड तक प्लांट द्वारा सड़क सुधार। रामलीला मैदान से आचार्य नगर तक सड़क सुधार। वार्ड 32 में मजार से डिप्टी पड़ाव चौराहे तक फुटपाथ का सुधार। रामबाग चौराहे से जरीब चौकी तक सड़क का प्लांट द्वारा सुधार। वार्ड 37 में केसा चौराहा से त्रिमूर्ति मंदिर तक सड़क निर्माण।

वित्त मंत्री ने भी समस्याएं दूर करने के लिए बढ़ाए कदम  

सीसामऊ उप चुनाव जीतने के लिए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना भी घर-घर जाकर समस्याओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने हाल में अपने लेटर पैड पर कई काम कराने के निर्देश नगर निगम को दिये हैं। इनमें ग्वालटोली में गली व नालियों की सफाई और मार्गप्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करना, सूटरगंज वार्ड 75 में पानी की किल्लत दूर करने के लिए सबमर्सिबल पंप लगाना और मलिन बस्तियों में रोज सफाई जैसे काम प्रमुख हैं।  

7 करोड़ से 85 कार्यों के आज होंगे ई टेंडर

शनिवार को नगर निगम में करीब 7 करोड़ रुपये से विकास कार्यों के लिये ई टेंडर आमंत्रित किये गये हैं। कुल 85 कार्यों में अधिकतर सीसामऊ विधान सभा क्षेत्र में ही होने हैं।

यह भी पढ़ें- Kanpur: भाजपा को पार्टी के लोगों से ही लग रहा झटका; बैठक में पदाधिकारियों को नहीं बुलाने पर उठे सवाल