Kanpur: कोकाकोला चौराहा ‘टेऊ राम’ तो काकोरी के नायकों के नाम नजीराबाद रोड, बैठक में और क्या फैसले हुए? यहां पढ़ें

Kanpur: कोकाकोला चौराहा ‘टेऊ राम’ तो काकोरी के नायकों के नाम नजीराबाद रोड, बैठक में और क्या फैसले हुए? यहां पढ़ें

कानपुर, अमृत विचार। शहर में चर्चित कोकाकोला चौराहा अब सिंधियों के गुरू साई टेऊराम के नाम से जाना जायेगा। इसी तरह नजीराबाद थाने के सामने वाली सड़क को काकोरी कांड में जेल गये शहर के नायकों विजय सिन्हा और राजकुमार सिन्हा के नाम से कर दिया गया है। नगर निगम में अब 1 लाख रुपये से अधिक के कार्यों के लिये भी ई-निविदा आमंत्रित होगी। 

अभी तक मैनुअल तरीके से भी कार्यों के टेंडर हो जाते थे। जिसमें गड़बड़ी की आशंका होती थी। शुक्रवार को नगर निगम सदन की नई कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्तुत किये गये अधिकतर प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। कुछ प्रस्तावों को छोड़कर कार्यकारिणी ने अधिकतर नामकरण के प्रस्ताव ही पास किये।

नगर निगम समिति कक्ष में शुक्रवार दोपहर 12 बजे शुरू हुई बैठक में सबसे पहले कार्यकारिणी के उप सभापति का चुनाव हुआ। इस दौरान वार्ड 78 सिविल लाइंस के पार्षद यशपाल सिंह को कार्यकारिणी का उप सभापति चुन लिया गया। महापौर व सभापति प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी बैठक में 11 प्रस्तावों पर विचार शुरू हुआ। 

कार्यकारिणी समिति की बैठक में पद्मश्री गिरिराज किशोर के नाम पर सूटरगंज की सड़क के प्रस्ताव को पास कर दिया गया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नाई ने प्रस्ताव दिया था। अब यह मार्ग गिरिराज किशोर मार्ग कहलाया जायेगा। 

इसके साथ ही स्वर्गीय सुनील ब्रम्हचारी के नाम पर बर्रा गांव मोड़ से गुलाब गार्डेन तक की सड़क, पूर्व पार्षद स्व. अनूप शुक्ला के नाम पर बसन्त विहार नौबस्ता स्थित उनके घर के पास पार्क का नाम करने को हरी झंडी दी गई। 

भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित ने कोकाकोला चौराहे का नाम सिंधियों के गुरू साई टेऊॅराम के नाम पर करने का प्रस्ताव दिया जिसपर सहमति जताई गई। इसी तरह कार्यकारिणी ने स्व. डॉ. संकठा प्रसाद पाण्डेय के घर के सामने स्थित सड़क, नानाराव पार्क स्थित महोत्सव स्थल का नाम श्री श्याम महोत्सव स्थल करने का प्रस्ताव पास कर दिया। 

जांच के बाद ही रिंग रोड के लिये जमीन देगा नगर निगम
 
चकेरी और कुलगांव में नगर निगम की जमीन है। इस जमीन पर रिंग रोड प्रस्तावित है। नगर निगम समपत्ति विभाग ने जमीन को देने के लिये कार्यकारिणी के सामने प्रस्ताव रखा था। नगर निगम ने रिंग रोड पर जाने वाले क्षेत्रफल का मूल्यांकन 82 लाख 82 हजार 232 रुपये आंका है। महापौर ने बताया कि प्रस्ताव पर विचार हुआ लेकिन अभी इसे पास नहीं किया गया हैं। हम मौजूद डीएम सर्किल रेट पर ही जमीन देंगे। इसके लिये जांच कराई जा रही है। अभी प्रस्ताव को होल्ड कर लिया गया है।  

1 लाख रुपये से अधिक कार्य की होगी ई-निविदा

पार्षद मंजू पाल, वीरेंद्र सिंह, नीरज कुमार, शुभम वर्मा, आनंद शुक्ला, अरुण गर्ग समेत कई पार्षदों ने एक लाख से ऊपर के कार्य को ई-निविदा के तहत कराये जाने का प्रस्ताव दिया। इस दौरान कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव स्वीकृत कर दिया। अब 1 लाख रुपये से ऊपर के कार्यों के लिये भी ई-निविदा करार्ठ जायेगी। अभी तक 10 लाख रुपये के कार्य मैनुअल टेंडर से करा लिये जाते हैं। जिसमें अनियमितता की खबरें रहती हैं। 

काकोरी कांड में हुई थी काला पानी की सजा

काकोरी कांड में काला पानी की सजा भुगतने वाले शहर के विजय सिन्हा और राजकुमार सिन्हा के नाम पर नजीराबाद थाने वाली रोड का नाम रखने का प्रस्ताव दिया गया। विदेश से शहर आईं लेखिका सुषमा ने यह प्रस्ताव लगया जिसपर कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से मुहर लगा दी। अब काकोरी कांड में जेल जाले वाले शहीदों के नाम से नजीराबाद थाने वाली रोड जानी जायेगी।

स्मार्ट सिटी से नहीं वसूला जायेगा किराया

वार्ड-32 के पार्षद और कार्यकारिणी सदस्य आकर्ष बब्लू बाजपेई ने प्रस्ताव लगाया था कि नगर निगम मुख्यालय में संचालित हो रहे स्मार्ट सिटी के कार्यालय से किराया वसूला जाये। बैठक में महापौर ने कहा कि आज तक पैसा नहीं लिया गया है। 2025 तक ही स्मार्ट सिटी मिशन प्रथम चरण का कार्यकाल है। अब पैसा लेने का कोई मतलब नहीं है। अगर स्मार्ट सिटी मिशन के तहत द्वितीय चरण आयेगा तो किराया लेने पर विचार किया जायेगा।

कन्वेंशन सेंटर के लिये कमेटी गठित

चुन्नीगंज में वर्कशॉप की जमीन पर बन रहे कन्वेंशन सेंटर को नगर निगम को ट्रांसफर करने के साथ ही कमेटी बनाकर अनुभवी विशेषज्ञों की देखरेख में चलाया जायेगा। वार्ड-15 के पार्षद सौरभ देव की ओर से पेश प्रस्ताव को कार्यकारिणी ने पास कर दिया। 

पार्षद आरती विजय गौतम ने कहा कि साकेत नगर में वेंडी स्कूल के बगल में नगर निगम की जमीन है। इसपर कब्जे हो रहे हैं। नगर निगम अगर यहां दुकानों को बना दे तो राजस्व में बढ़ोतरी होगी। महापौर ने कहा कि यह प्रस्ताव बहुत अच्छा है। जलकल में नई लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव भी पास कर दिया गया। महाप्रबंधक को नई लिफ्ट लगाने के लिये 19.11 लाख रुपये का एस्टीमेट मिला है।

बैठक में यह लोग रहे

कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र द्विवेदी, दीपक शर्मा, आरती गौतम, योगेंद्र शर्मा, यशपाल सिंह, पवन पांडेय, धीरेंद्र सोनकर, अभिषेक गुप्ता मोनू, मंजू पाल, आकर्ष बाजपेई, फैजान रहमान, लियाकत अली के साथ नगर आयुक्त सुधीर कुमार समेत अन्य नगर निगम जलकल और जलनिगम के अधिकारी रहे।

यह भी पढ़ें- संभल: नहीं काम आई सांठगांठ; ई-कचरा फैक्ट्री संचालक सभासद गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला