संभल: जिले के प्रभारी मंत्री ने सपा को बताया गुंडागर्दी वाली पार्टी, बोले- अखिलेश यूपी में फिर से चाहते गुंडाराज

संभल: जिले के प्रभारी मंत्री ने सपा को बताया गुंडागर्दी वाली पार्टी, बोले- अखिलेश यूपी में फिर से चाहते गुंडाराज

संभल, अमृत विचार। संभल जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने अखिलेश यादव के बुलडोजर को लेकर दिए बयान पर कहा कि समाजवादी पार्टी नीति वाली नहीं बल्कि गुंडागर्दी वाली पार्टी है। यह नीति, सिद्धांत, कानून को ध्वस्त करने वाली पार्टी है। अखिलेश यादव का बयान संदेश देता है कि उत्तर प्रदेश में वह पुन: गुंडाराज स्थापित करना चाहते हैं।

मुरादाबाद मार्ग पर एकता विहार में भाजपा जिला कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में प्रभारी मंत्री ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा दस सीटें जीतेगी। जब से अखिलेश यादव प्रदेश में कुछ सीटें जीते हैं, उन्होंने माहौल बिगाड़ने का काम किया है। भाजपा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराध और अपराधियों को नेस्तनाबूत करने का संकल्प ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि बुलडोजर उन पर चला है जिन्होंने सरकारी जमीनों पर कब्जे किए हैं। 

जिन्होंने नियमों को तोड़ा मरोड़ा है, गरीबों की जमीनें जबरदस्ती कब्जाने का काम किया है। सरकार ने कोई बदले की भावना से काम नहीं किया है। योगी आदित्यनाथ ने वहीं बुलडोजर चलाया है जिन अपराधियों ने अपराध करके अमन, चैन को भंग करने काम किया है। गरीबों की संपत्ति को छीनने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने जो भ्रामक प्रचार किया उत्तर प्रदेश और देश में कि संविधान खत्म कर देंगे, आरक्षण खत्म कर देंगे, प्रजातंत्र को खत्म कर देंगे। 

जनता इन्हें पूरी तरह से समझ चुकी है। आने वाले चुनाव में जनता इन्हें सबक सिखाने का काम करेगी। जम्मू कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कांग्रेस के गठबंधन के सवाल पर कहा कि यह गठबंधन जो हुए हैं, इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। वहां जो आतंकवाद की गतिविधियां बढ़ गई हैं, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही समाप्त कर सकते हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा- सदस्यता अभियान को सफल बनाने का करें काम

जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि वर्ष 2024 भाजपा का संगठन वर्ष है। जिसके लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों को नए सदस्य बनाने हैं। मंडल एवं मोर्चा स्तर पर कार्यशाला होंगी। अभियान की सफलता के लिए भाजपाई जीजान से जुट जाएं और सक्रिय होकर सदस्य बनाने का काम करें।

एकता विहार में स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर हुई बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि सदस्यता अभियान का पहला चरण 2 से 25 सितंबर, दूसरा चरण 1 से 15 अक्टूबर और तीसरा चरण 16 से 31 अक्तूबर तक चलेगा। प्रश्न या सहायता के लिए भाजपा के हेल्पलाइन नंबर 8860147147 पर कॉल कर जानकारी ली जा सकेगी। सक्रिय सदस्यता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता कम से कम 100 सदस्य अवश्य बनाएगा। 

भाजपा प्रत्येक रविवार को अटल सदस्यता पर्व मनाएगी। सदस्यता अभियान के अति विशिष्ट लोगों चिकित्सक, अभियंता वर्ग, प्रोफेशनल कार्य करने वाले, शिक्षकों, नाटयकारों, कला वर्ग के विशिष्ट लोगों, महिला, युवा, किसान, व्यापारी, खिलाड़ियों, सहकारिता समूह, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्वयं सहायता समूह के पास जाकर सदस्य बनेंगे। 

इससे पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू ने कहा कि नए सदस्य बनाने के लिए बूथ स्तर पर जाना है। प्रत्येक बूथ पर 200 नये सदस्य बनाने का लक्ष्य रखना है। जिला प्रभारी हेमंत राजपूत ने कहा कि नए सदस्य बनाने के लिए हमें तन मन से मेहनत करनी है। उन्होंने प्रदेश कार्यालय की कार्यशाला में सदस्यता अभियान को लेकर विस्तार से जानकारी दी।

प्रभारी मंत्री ने बनाए भाजपा के सदस्य

प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने शंकर इंटर कॉलेज चौराहे पर सदस्यता अभियान शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया और नए सदस्य बनाए। भाजपा नेता विजयप्रकाश त्यागी के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्री कल्कि विष्णु मंदिर में पूजा अर्चना की। 

बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, डॉ. नरेंद्र सिंह, भीष्म शर्मा, चंद्रपाल सिंह, राजेश शंकर राजू, हृदेश यादव, सुगंधा, अखिलेश खिलाड़ी, हर्षवर्धन, कुलदीप, धीरेंद्र यादव, गुलफाम यादव, अर्जुन वाल्मीकि, विपिन गुप्ता, हरिओम शर्मा, देवेंद्र सिंह, योगेंद्र त्यागी, संध्या गर्ग, विपिन राघव, जयप्रकाश, मंडल अध्यक्ष तेजपाल सैनी, चंद्रपाल राणा, अंकित जैन, मनोज कठेरिया, पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू ने तथा संचालन  पूर्व जिला महामंत्री हरिओम शर्मा ने किया।

ताजा समाचार

रायबरेली : साइकिल की दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान
आज नहीं तो कल आतंकवादियों से मिलने की कोशिश करेंगे राहुल गांधी : संजय निषाद
कानपुरवासियों को मिली आगरा-वाराणसी वंदेभारत की सौगात; सांसद ने दिखाई ट्रेन को हरी झंडी, यहां पढ़ें ट्रेन की खासियत...
Unnao: शोभा यात्रा निकालने के साथ गणेश पंडालों में हुई पूजा-अर्चना, नम आंखों से दी गई गजानन महाराज को विदाई
'…खान, आईजी बोल रहा हूं…' जालसाज ने आईपीएस अधिकारी के नाम पर कॉल कर धमकाया, रिपोर्ट दर्ज
Unnao: तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, प्रशासन कर रहा नजरअंदाज, तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की बढ़ी मुसीबतें