बदायूं: सफाई अभियान ग्राम सचिवों के ठेंगे पर...दो को जारी हुआ नोटिस

ग्राम पंचायत में चल रहे सफाई अभियान में नहीं दिख रहे थे रुचि

बदायूं: सफाई अभियान ग्राम सचिवों के ठेंगे पर...दो को जारी हुआ नोटिस

बदायूं, अमृत विचार। अगस्त माह के दौरान जिले की सभी  ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया था। लेकिन दो ग्राम पंचायतों में सचिवों ने लापरवाही दिखाते हुए सफाई अभियान नहीं चलाया। जिसकी पोल अधिकारियों के द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान खुल गई।  जिस पर डीपीआरओ ने सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

बरसात के  दिनों में गंदगी की वजह से लोगों को संक्रामक रोगों से बचाने के लिए डीएम के आदेश  पर जिले की सभी 1036 ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें डीएम द्वारा कहा गया था कि  सफाई कर्मचारियों के साथ कई मजदूरों को लगाकर गांव की सफाई कराई जाए।  लेकिन जगत ब्लॉक की  ग्राम पंचायत पडौआ में ऐसा नहीं हुआ। सचिव अशोक कुमार सक्सेना  ने गांव में कार्यरत  सफाई कर्मचारी के  साथ एक मजदूर लगाकर सफाई के नाम  पर खानापूर्ति कर दी गई। सफाई अभियान की स्थिति  जानने के लिए डीपीआरओ द्वारा गांव का निरीक्षण किया गया। जिसमें सचिव द्वारा बरती गई  लापरवाही की पोल खुल गई। ऐसी ही स्थिति ब्लॉक म्याऊं की ग्राम पंचायत म्याऊ की रही। वहां सचिव दीपक गुप्ता ने भी सफाई कर्मचारी के साथ एक मजदूर को लगाकर सफाई के नाम पर खानापूर्ति कर दी। निरीक्षण के दौरान गांव में मिली गंदगी के बाद डीपीआरओ यावर अब्बास ने सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।