कासगंज: रोग नियंत्रण पर भारी पड़ी लापरवाही, ACMO और चिकित्साधिकारी हटाए गए

सोरों क्षेत्र में बच्चों में फैला हुआ है संक्रमण, आए दिन जा रही है जान 

कासगंज: रोग नियंत्रण पर भारी पड़ी लापरवाही, ACMO और चिकित्साधिकारी हटाए गए

कासगंज, अमृत विचार। जिले के सोरों क्षेत्र के गांव तारापुर नसीर में फैला संक्रमण बच्चों के लिए जानलेवा बन गया है। यहां पिछले एक सप्ताह में तीन बच्चों की जान जा चुकी है और कई बच्चे बीमार बने हुए हैं। गुरुवार को चार बच्चे जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए। वहीं कई दिनों से गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम डेरा जमाए हुए हैं, लेकिन संक्रमण के बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। प्रयोगशाला भेजे गए नमूनों की जांच रिपोर्ट भी नहीं आई है। इधर रोग नियंत्रण के लिए व्यवस्था में जुटाए गए एसीएमओ और  सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी को लापरवाह माना गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

सोरों क्षेत्र के गांव तारापुर नसीर में एक अनजान संग्रहण फैला हुआ है। पिछले ही सप्ताह बीमार हुए बच्चों में से कुछ बच्चों में संक्रमण फैल जाने से दो बच्चों की जान जा चुकी थी। बुधवार को फिर एक बच्चे की जान अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में चली गई। उसके बाद ग्रामीण चिंतित हो गए। वहीं, कई बच्चे बीमार हैं। समस्या बढ़ती ही जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं, लेकिन वे किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सके। इधर गुरुवार को गांव तारापुर नसीर में चार बच्चों की हालत और बिगड़ गई।

उसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी सेहत में आंशिक सुधार हुआ है। वहीं बच्चों में संक्रमण की जांच के लिए भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट नहीं आ सकी है। इसके लिए एसीएमओ एसपी सिंह और सोरों के चिकित्साधीक्षक मदनलाल को लापरवाह माना गया है। डीएम रूपम के निर्देश पर सीएमओ डॉ. संजीव कुमार अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से एसीएमओ और सोरों के चिकित्सा अधीक्षक को हटा दिया है। साथ ही नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दे दी है।

इन्हें दी गई जिम्मेदारी 
कासगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अशोकनगर के चिकित्सा अधिकारी विनोद कुमार को सोरों का चिकित्सा अधिकारी बनाया गया है सोरों के को चिकित्सा अधिकारी मदनलाल को कासगंज जिला अस्पताल में भेजा गया है। उन्हें कोई चार्ज नहीं दिया गया है। वहीं डॉ. ऐके सिंह को कासगंज अशोक नगर स्वास्थ्य केंद्र का चिकित्सा अधिकारी बनाया गया है।

हो सकता है गला घोटू रोग
स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ और अधिकारियों का मानना है कि यह रोग गला घोंटू हो सकता है। हांलांकि, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही पता चल सकेगा कि यह कौन सा रोग है।

गांव तारापुर नसीर में संक्रमण फैल गया है। बच्चे परेशान हैं तीन जिले के बाहर अस्पतालों में जान जाने की जानकारी ग्रामीणों ने दी। लापरवाही के मामले में एसीएमओ और सोरों के चिकित्सा अधिकारी को हटा दिया गया है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम निगरानी कर रही है। जांच के लिए भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट संभवतः दो दिन में मिल जाएगी- डॉ. राजीव अग्रवाल, सीएमओ

ये भी पढ़ें- कासगंज: रोडवेज ने दी यात्रियों को सहूलियत, आसान होगा सफर