Farrukhabad: कोर्ट में पेशी पर आए बंदी ने हाथ की काटी नसें; पुलिस कर्मियों के फूले हाथ-पांव, आनन-फानन में अस्पताल में कराया भर्ती

Farrukhabad: कोर्ट में पेशी पर आए बंदी ने हाथ की काटी नसें; पुलिस कर्मियों के फूले हाथ-पांव, आनन-फानन में अस्पताल में कराया भर्ती

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। फतेहगढ़ की सेशन हवालात में न्यायालय पेशी पर आए बंदी ने अपने हाथ की नसें काट ली। जिसके बाद सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे डाक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल लाया गया।   

कादरी गेट थाने के पांचालघाट निवासी राजा (30) पुत्रहरिश्चंद्र इस समय जिला जेल फतेहगढ़ में न्यायिक अभिरक्षा में बंद है। जिला जेल से  शुक्रवार को कचहरी फतेहगढ़ में पेशी पर आया था। न्यायालय में पेश करने के लिए उसे सेशन हवालात में रखा गया।

इस दौरान उसने अपने हाथ की नसें काट ली। गंभीर अवस्था में पुलिस कर्मियों ने उसे जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया है, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि घायल राजा की हालत गंभीर है। उसे भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। 

फतेहगढ़ कोतवाल हरिश्याम सिंह ने बताया कि कोर्ट में पेशी पर बंदी राजा को लाया गया था। तभी सेशन हवालात में राजा ने धारदार हथियार से अपने हाथ की नसें काट ली। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया है। राजा को न्यायिक अभिरक्षा में लाये पुलिस कर्मियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
 
हवालात में धारदार हथियार लेकर कैसे पहुंचा राजा

सेशन हवालात में बंदी द्वारा हाथ की नसें काटने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारों का कहना है कि कचहरी की हवालात में आरोपी को बंद करने से पहले उसकी गहन तलाशी ली जाती है। इसके बावजूद हवालात में धारदार हथियार ले कर राजा कैसे पहुंच गया। इसका जवाब पुलिस के किसी अधिकारी के पास नही है। वह इसे जांच का विषय बता रहे है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: बिजली का बिल है बकाया तो हो जाएं सावधान! इतने रुपये से अधिक बकाया होने पर केस्को काटेगा कनेक्शन...कार्रवाई आज से शुरू