हरदोई में बाढ़ ने मचाई तबाही: 3 दर्जन से अधिक गांवों में घुसा गर्रा नदी का पानी, अपर आयुक्त ने लिया जायजा

शाहाबाद/हरदोई। हरदोई जनपद के शाहाबाद तहसील क्षेत्र में बाढ़ ने भयंकर तबाही मचाई। हजारों एकड़ में लगी धान और गन्ने की फसल चौपट हो गई। तीन दर्जन से अधिक ग्रामों के 2154 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। पहाड़ प्रभावित इलाकों का अपर आयुक्त श्रीधर यादव ने निरीक्षण किया और प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत करने के बाद उन्होंने बाढ़ राहत सामग्री के वितरण की हकीकत को भी परखा और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
पिछले एक सप्ताह से शाहाबाद तहसील क्षेत्र के पछोहा इलाके में गर्रा नदी ने तबाही मचा रखी है। बाढ़ की तबाही से दर्जनों मकान पानी में बह गए। हजारों ग्रामीण जान बचाने के लिए अपने-अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गए। परियल, उमरिया कैथानी, उमरिया धानी, कहार कोला, बिरोरी, झोथूपुर , सुहागपुर, परेली, कुरसेली, पहाड़पुर, गढेपुर, बेहटा कोला, पुरवा पिपरिया सहित तीन दर्जन गांवों के 2154 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए 7 स्टीमर, 48 नाव लगाई गई हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों में तहसील प्रशासन की ओर से 2289 लंच पैकेट अब तक वितरित किए जा चुके हैं। सभी ग्रामों व मजरो में राजस्व निरीक्षक और लेखपालों की ड्यूटी लगा दी गई ताकि राहत और बचाव कार्य में तेजी जा सके।
लखनऊ मंडल के अपर आयुक्त श्रीधर यादव ने एडीएम प्रियंका सिंह और एसडीएम पूनम भास्कर के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और पीड़ित ग्रामीणों से बातचीत कर उनका दुख दर्द बांटा। तहसील प्रशासन द्वारा 88 राहत सामग्री की किटें भी वितरित की जा चुकी है। इसके अलावा हिंदू केसरिया वाहिनी तथा अन्य समाज सेवी संगठनों द्वारा बाढ़ पीड़ितों को लंच पैकेट वितरित किए जा रहे हैं।
एसडीएम पूनम भास्कर लगातार बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा करके राहत कार्यों का जायजा ले रही हैं और पीड़ित लोगों से मुलाकात कर उनका दुख दर्द साझा करने की कोशिश कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शाहाबाद सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर प्रवीण दीक्षित के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम पीड़ित इलाकों में पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- UP: डॉक्टर विदेशी मुद्रा के साथ पकड़े गए हैं, जुर्माना दो...London के डॉक्टर से दोस्ती के बाद ठगी, जानें- पूरा मामला