Kanpur News: ट्रांसफर पॉलिसी के बहाने सता रहे केस्को अफसर...संविदा कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

संविदा कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष ने लगाए आरोप

Kanpur News: ट्रांसफर पॉलिसी के बहाने सता रहे केस्को अफसर...संविदा कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

कानपुर, अमृत विचार। केस्को के अफसर ट्रांसफर पॉलिसी की आड़ में कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। केस्को एमडी के उत्पीड़न का शिकार होने पर लिपिक विनय मल्होत्रा की जान चली गई। सरकार का आदेश है कि 20 साल पुराने रिकॉर्ड को नष्ट कर दिया जाए, लेकिन लिपिक विनय मल्होत्रा से 36 साल पुराना रिकॉर्ड मांगा जा रहा था, जिससे परेशान होकर उन्होंने जान दे दी। यह आरोप केस्को के संविदा कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश सिंह भोले ने लगाए। 

केस्को के एकाउंट विभाग में तैनात लिपिक विनय कुमार मल्होत्रा की मौत से कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारी नेता केस्को के अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगा रहे हैं। केस्को के संविदा कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश सिंह भोले ने कहा कि लिपिक विनय मल्होत्रा की जान सिर्फ उत्पीड़न से गई है। 

ट्रांसफर पॉलिसी की आड़ में कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। सरकार की गाइड लाइन के मुताबिक 20 साल से पुराने दस्तावेजों को नष्ट किया जा सकता है। लेकिन उत्पीड़न करने की नीयत से विनय से 36 साल पुराना रिकॉर्ड मांगा जा रहा था। दो साल पहले भी विनय मल्होत्रा के एक सीट पर जमे रहने के चलते ऑफिस के कर्मचारियों ने झूठी शिकायत की थी। 

केस किया तो नहीं मिलेगी पेंशन 

विनय की मौत से परिवार दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, लेकिन केस्को के कुछ अधिकारियों ने लिपिक के परिजनों को धमकी दी है। परिजनों का आरोप है कि उत्पीड़न की वजह से विनय की जान गई है। केस्को के कर्मचारी और अफसर शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। उन्होंने परिवार को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर सुसाइड केस दिखाया तो परिवार को पेंशन और मृतक आश्रित में नौकरी समेत विभाग से कोई भी लाभ नहीं मिलेगा। इसी वजह से परिजनों ने शनिवार दोपहर तक नजीराबाद थाने में तहरीर नहीं दी है।

केस्कोकर्मी का अंतिम संस्कार, कार्रवाई से इंकार

केस्को मुख्यालय के लेखा विभाग में वरिष्ठ कार्यकारी सहायक का शनिवार को भैरव घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। बेटे ने उनको मुखाग्नि दी। वहीं परिजनों ने विभाग के अधिकारियों पर आरोप की  बात सिरे से खारिज की। केस्को में तैनात वरिष्ठ कार्यकारी सहायक विनय मेहरोत्रा (56) ने शुक्रवार सुबह कोकाकोला क्रासिंग पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी।

शुक्रवार शाम पुलिस ने वीडियोग्राफी और पैनल से पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया था। देर रात इंडोनेशिया घूमने गया बड़ा बेटा सार्थक भी घर लौट आया। शनिवार सुबह भैरोघाट में विनय का अंतिम संस्कार किया गया। सार्थक ने बताया कि पिता पिछले कुछ समय से परेशान थे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर लग रहे आरोपों की बात को नकार दिया। सार्थक ने बताया कि वह किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं चाहते। नजीराबाद थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Kanpur में चोरी की ऐसी वारदात: खुद को फौजी बताकर घर में रुका...13 लाख का लेकर हुआ चंपत, CCTV में हो गया कैद