सुलतानपुर से अकबरपुर के लिए 4 तो अमेठी के लिए नहीं है डिपो में एक भी बस, जानें क्या बोले एआरएम

सुलतानपुर से अकबरपुर के लिए 4 तो अमेठी के लिए नहीं है डिपो में एक भी बस, जानें क्या बोले एआरएम

सुलतानपुर/अमृत विचार। सुलतानपुर से अकबरपुर को जोड़ने वाले राजमार्ग पर परिवहन निगम की बसों का अभाव है। वहीं इसी मार्ग पर हर आधे घंटे में निजी बस सेवाएं उपलब्ध है। जिन मार्गों पर यात्रियों की संख्या अधिक है, उस मार्ग पर महकमा अपनी बस चलाना मुनासिब नहीं समझता है। जबकि, परिवहन निगम के पास बसों का अभाव भी नहीं है। जिला मुख्यालय से अंबेडकर नगर की दूरी महज 60 किमी है। जिले के अंतिम छोर के निवासियों को अपने सरकारी कार्यों के जिला मुख्यालय आना पड़ता है। 

सुलतानपुर जनपद से अंबेडकर नगर के लिए कोई रेलवे लाइन न होने के चलते यात्रियों को सुलतानपुर से ट्रेन पकड़ना या झोड़ना पड़ता है। जिसके चलते यात्रियों की संख्या अधिक हो जाती है। सुलतानपुर जनपद से अंबेडकर नगर को जोड़ने वाले टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर परिवहन निगम की सिर्फ चार बस ही चलती है। निजी बसों का संचालन हर आधे घंटे पर होता है। ऐसा नहीं कि निजी बस खाली जाती हो, सवारियां भरी होती है।

साढ़े पांच बजे के बाद नहीं मिलेगी बस

सुलतानपुर डिपो से पड़ोसी जनपद अयोध्या के लिए हर 14 मिनट पर तो कादीपुर के लिए 15 मिनट पर बस है। वहीं अंबेडकर नगर के लिए सुबह आठ बजे, 11 बजे, दो बजे अंतिम बस साढ़े पांच बजे तक ही उपलब्ध है। इसके बाद बस स्टेशन से बस नहीं मिलेंगी। मजबूरी में निजी बस का सहारा लेते हुए गंतव्य स्थल तक जाना होगा। वहीं, पड़ोसी जनपद अमेठी के लिए सुलतानपुर डिपो से कोई भी बस संचलित नहीं है। अमेठी डिपो की ही बस जब सुलतानपुर आयेगी तो वही फिर यात्रियों को अमेठी पहुंचायेगी।

निगम के पास नहीं है बसों की कमी

ऐसा नहीं है कि परिवहन निगम के पास बसों का टोटा हो, पर्याप्त मात्रा में बस भी है। फिर भी इन रूटों पर बस का संचालन करना महकमा मुनासिब नहीं समझता है। अभी हाल ही में निगम को तीन बसें और मिली है, अब निगम के पास 132 बसे हैं। जिनमें से निगम की 72 तो 60 अनुबंधित बसे हैं, बीते वर्ष 30 जून को निगम के पास कुल 110  बसे ही थी। वहीं, जिले के दर्जनों ऐसे भी रूट है जहां से जनप्रतिनिधियों ने बसों का संचालन कराया। जो थोड़े दिन चली, फिर बंद कर दी गई मजबूरी में यात्रियों को डग्गामार वाहनों से सफर तय करना पड़ रहा है।

इन मार्गों पर निगम की बसों का संचालन क्यों नहीं हो रहा है, जानकारी कर बसों का संचालन शुरू कराते हैं। कल ही ज्वॉइन किया है। पूरी जानकारी नहीं है..,बीके शुक्ला, एआरएम रोडवेज सुलतानपुर।