सपा के गुडों और कब्जाई संपत्तियों की सूची होगी जारी, कानपुर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले- UP में गुंडागर्दी वापस नहीं आने देंगे

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। शहर आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के गुंडो और उनके द्वारा कब्जा की गई जमीनों की लिस्ट भाजपा सरकार द्वारा हर जिले में जारी की जाएगी। सपा आजकल फुदकने की कोशिश कर रही है लेकिन अखिलेश यादव तैयार रहें, समाजवादी पार्टी के लोगों ने जमीन, मकान, दुकान जहां भी कब्जा किए हैं, उन सब की सूची भाजपा जारी करेगी। आगे कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी जाति, वर्ग और समुदाय को योजनाओं का लाभ दे रही है। जिसके दम पर 2027 में 2017 को हम दोहराएंगे। प्रदेश की जनता ने सपा को समाप्तवादी पार्टी बनाने का मन बना लिया है। प्रदेश में गुंडागर्दी को वापस नहीं आने देंगे। 

भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर "गांव चलो अभियान" की शुरुआत करने शहर आये उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा दक्षिण जिले में बर्रा मंडल के वार्ड 65 दामोदर नगर के एक गेस्ट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज देश के कोने-कोने में सरकार बनाकर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, और यह सब आप जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। 2014 में जब केंद्र में मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनी, तब भी यह कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत थी। उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सपा मुखिया हताश और निराश हैं, इसलिए वे प्रतिदिन अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का नारा केवल एक छलावा है। 

जब सपा 2012 से 2017 तक सत्ता में थी, तब सबसे अधिक अत्याचार दलितों और पिछड़ों पर ही हुए। अब वही लोग उन्हें गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। मौर्य ने आगे कहा कि पिछड़ों और दलितों की जमीनों पर सबसे ज्यादा कब्जे समाजवादी पार्टी के नेताओं ने ही किए। अब सभी मामलों की सूचीबद्धता की जा रही है। सपा के नेता इस बात को जान लें कि उनके कारनामे अब छुपे नहीं रहेंगे। वक्फ संशोधन बिल पर उन्होंने कहा कि "इस बिल से सबसे अधिक परेशानी समाजवादी पार्टी को ही है, क्योंकि उनके ही लोग इससे प्रभावित हो रहे हैं। यही कारण है कि सपा और कांग्रेस जैसे दल इस संवैधानिक कानून को असंवैधानिक बताने का असफल प्रयास कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि बूथ पर 100 में 80 फीसदी वोटर हमारा है। बाकी 20 में भी बंटवारा है। इसी को लक्ष्य मानते हुए हर एक कार्यकर्ता को चुनाव की तैयारियों जुट जाना है। इसके बाद उन्होंने वार्ड 93 में लाभार्थियों के साथ बैठक की। कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, कैबिनेट मंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधायक महेश त्रिवेदी, एमएलसी अरुण पाठक, स्वप्निल वरुण, सत्यदेव पचौरी, सुरेश अवस्थी ,अनूप अवस्थी, रघुनंदन भदोरिया, विनोद मिश्रा ,जसविंदर सिंह, गणेश शुक्ला, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, आनंद सिंह परिहार, दीपांकर मिश्रा, दीपू पासवान, आदि मौजूद रहे

रामनवमी में पुलिस एक्शन की होगी जांच

रामनवमी के दिन शोभायात्रा निकाले जाने के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर को लेकर मौर्य ने कहा कि मुकदमा किस परिप्रेक्ष्य में लिखा गया है, इसको देखना होगा। कार्यकर्ताओं का सिर हमेशा ऊंचा रखा जाएगा। सच्चाई का पता लगाया जाएगा, इसमें अगर कोई पुलिस कर्मी दोषी होगा तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। भाजपा कार्यालय के बाद बजरंग दज के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबको अधिकार है कोई भी कहीं किसी को ज्ञापन दे सकता है। 

लोकतंत्र सेनानियों का किया सम्मान

वार्ड 92 किदवई नगर में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लोकतंत्र सेनानी पूर्व जिलाध्यक्ष रामदेव शुक्ल, राजेंद्र त्रिपाठी, अशोक वर्मा, संतराम, इंद्रपाल भारती को पटका पहनाकर सम्मानित किया।

सांसद के आवास पहुंचे, कार्यकर्ता का मनाया जन्मदिन

केशव प्रसाद मौर्य सांसद रमेश अवस्थी के आवास स्वरूप नगर पहुंचे। यहां उन्होंने एक कार्यकर्ता अक्षय त्रिवेदी का जन्मदिन मनाया। यहां वह कार्यकर्ताओं से गर्मगोशी से मिले।

यह भी पढ़ें- Mahoba में पति-पत्नी ने खाया जहरीला पदार्थ: दोनों की हालत स्थिर, पति के रोज शराब पीने से परेशान थी महिला

 

संबंधित समाचार