बदायूं: दुष्कर्म के बाद सन्यासी बनकर घूम रहा था आरोपी, सीएम को बताया मामला तो पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा

बदायूं: दुष्कर्म के बाद सन्यासी बनकर घूम रहा था आरोपी, सीएम को बताया मामला तो पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा

बदायूं, अमृत विचार: कादरचौक थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 साल की बच्ची को खेत पर ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी। गांव से ही मुख्यमंत्री को फोन करके घटना के बारे में बताया था। 

मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया था। इससे पहले भी पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य मुख्यमंत्री से मिली थीं। जिसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाई। आरोपी की सूचना पर पुलिस ने शनिवार शाम आरोपी की घेराबंदी की। आरोपी पुलिस पर फायरिंग करता हुआ भागा। एक सिपाही को गोली लगी। पुलिस ने भी जबावी फायर किया। जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। आरोपी और सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

एक गांव निवासी व्यक्ति की 10 साल की बेटी 14 जून को घर के बाहर खेल रही थी। गांव मौसमपुर निवासी वीरेश यादव उसके पास आया और भुट्टा खिलाने का प्रलोभन दिया। बच्ची को झांसे में लेकर वह उसे गांव के पास खेत में ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। बच्ची के रोने की आवाज आने पर आसपास खेतों पर काम कर रहे किसान पहुंचे तो आरोपी भाग गया था। 

पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। जिसके बाद आरोपी फरार चल रहा था। बच्ची का राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया गया। शनिवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने फोन पर मुख्यमंत्री से बात की। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। आरोपी के परिचितों से हिरासत में लेकर पूछताछ की। सर्विलांस से तलाश की जा रही थी। 

शनिवार शाम पुलिस को आरोपी की लोकेशन गांव खिरिया बाकरपुर के जंगल में मिली। पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जिससे दाएं हाथ में गोली लगने से सिपाही मोहित कुमार घायल हो गया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी के पैर में गोली लगी। वह घायल हो गया।

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए। वह सन्यासी का रूप धरकर गांवों में घूम रहा था। पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल भेज दिया। उझानी सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के बाद दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इलाज के बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें- बदायूं: चौथी मंजिल से कूदी मानसिक मंदित महिला की मौत