बाराबंकी: कमरे में सो रहे सफाईकर्मी की सिर में गोली मारकर हत्या, मौके पर पहुंचे एसपी और कई थानों की पुलिस

बाराबंकी: कमरे में सो रहे सफाईकर्मी की सिर में गोली मारकर हत्या, मौके पर पहुंचे एसपी और कई थानों की पुलिस

सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। कमरे में सो रहे सफाई कर्मचारी की अज्ञात व्यक्ति ने खिड़की से गोली मारकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह खेत से घर पहुंची मृतक की भतीजी ने चाचा को मृत देखकर शोर मचाया। तब घर के लोगों को घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। हत्या की सूचना पाकर घटना स्थल पर पुलिस अधीक्षक समेत कई थानों की पुलिस व फारेंसिक टीम पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के ग्राम मुरई मजरे मधनापुर के 35 वर्षीय युवक अरविंद कुमार पुत्र रामसागर की शनिवार भोर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अरविंद घर के बाहरी कमरे में खिड़की के पास तखत पर लेटा हुआ था। तभी भोर में किसी अज्ञात व्यक्ति ने खिड़की के बाहर से गोली मारकर हत्या कर दी। गांव के लोगों का कहना है कि अरविंद बहुत ही सीधा और सरल स्वाभाव का था। वह सिरौलीगौसपुर ब्लॉक में सफाई कर्मचारी था और ग्राम मरकामऊ में तैनात था। उसकी किसी से रंजिश नहीं थी। 

cats

लोगों ने बताया कि पड़ोस के खेत में धान रोपाई करने के लिए इंजन से पानी भरा जा रहा था। जिसकी आवाज के चलते परिजन गोली चलने की आवाज नहीं सुन पाये। जिससे घर में सो रहे अन्य लोग भी कुछ नहीं जान पाए। सुबह खेत से लौटी भतीजी ने खिड़की से देखा की चाचा खून से लथपथ पड़े हैं। उसके शोर मचाने पर घर के लोगों के साथ पड़ोसियों को भी घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना पाकर तत्काल थानाध्यक्ष बदोसराय सन्तोष कुमार फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया।

cats 

सूचना पर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी चिरंजीव नाथ सिन्हा, सीओ रामनगर आलोक सहित मसौली, टिकैतनगर और सफदरगंज थानों की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पंहुची गई। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने भाई वीरेन्द्र की लाइसेंसी रायफल को कब्जे में ले लिया है। 

मृतक अरविंद वर्मा की पत्नी व बच्चे प्रतिभा पटेल 8 वर्ष, अक्षत 6 वर्ष तथा दूसरे भाई अशोक कुमार के बच्चों सहित शहर के लखपेड़ाबाग मोहल्ले में रहते हैं जहां बच्चे पढ़ाई भी करते हैं। सूचना पर पहुंची पत्नी, बच्चों व परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय पर भिजवा दिया।

परिजन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। वारदात के खुलासे के लिये चार टीमें गठिक की गई हैं। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा..,चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी।

यह भी पढ़ें:-IGRS की शिकायतों के निस्तारण में गोंडा पुलिस को मिले शत प्रतिशत अंक

ताजा समाचार