हल्द्वानी: कल से शुरू होगा प्री-मानसून, 27 से मानसून सक्रिय होने के आसार

हल्द्वानी: कल से शुरू होगा प्री-मानसून, 27 से मानसून सक्रिय होने के आसार

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में शनिवार से प्री-मानसून सक्रिय हो जाएगा। कुछ इलाकों में हल्की और कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 27 जून तक राज्य में मानसून भी सक्रिय हो जाएगा। राहत की बात है कि उष्ण लहर चलना बंद हो गई है और गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।

शुक्रवार को हल्द्वानी में सुबह के समय बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप भी निकलती रही। दिन के समय भी आसमान में बादल छाये रहे। हल्की ठंडी हवाएं चल रही थीं। लोगों को उमस भरी गर्मी जूझना पड़ा, लेकिन विगत दिनों की प्रचंड गर्मी के मुकाबले काफी राहत थी। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। दो दिन के अंदर अधिकतम तापमान में काफी कमी आई है।

जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय पंतनगर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि शनिवार से राज्य में प्री-मानसून सक्रिय हो रहा है। प्री-मानसून मानसून से कुछ दिनों पहले होने वाली बारिश को कहते हैं। कुछ जगहों पर भारी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। अब मानसून का भी इंतजार खत्म होने वाला है। 27 जून से राज्य में मानसून भी सक्रिय हो जाएगा। इसके बाद राज्य में भारी बारिश का दौर शुरू होगा। 

पहाड़ों में 24-25 जून को भारी बारिश के आसार
नैनीताल जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में 24 और 25 जून को भारी बारिश हो सकती है। मुक्तेश्वर, रामगढ़, नैनीताल, धारी में काफी बारिश हो सकती है। मुक्तेश्वर में पारे में गिरावट आई है। यहां अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।