हल्द्वनी जेल में मिल रहा आम पन्ना, हीट वेव से बचा रहा नींबू पानी

एक टाइम मिलने वाली चाय बंद, बन रहा कम मसाले वाला खाना, बंदियों और कैदियों के डाइट प्लान में हुआ बदलाव

हल्द्वनी जेल में मिल रहा आम पन्ना, हीट वेव से बचा रहा नींबू पानी

हल्द्वानी, अमृत विचार। कैदियों और बंदियों की दोगुनी संख्या से ओवरलोड रहने वाले हल्द्वानी उप कारागार में भी लोग गर्मी से बेहाल हैं। हीट वेव से कोई बीमार न पड़े, इसलिए कारागार के मैन्यु में बदलाव किया गया है। बंदियों व कैदियों को मसालेदार भोजन परोसने से गुरेज किया जा रहा है।

अब चाय की जगह आम पन्ना व नींबू पानी दिया जा रहा है। उप कारागार हल्द्वानी की क्षमता करीब 650 बंदियों व कैदियों को रखने की है, लेकिन यहां कभी भी बंदी व कैदियों की संख्या 1400 से कम नहीं होती है। कभी-कभी यह संख्या 1800 तक पहुंच जाती है। ऐसे में अनुमान लगाना आसान है कि दोगुने कैदियों व बंदियों का बोझ ढो रही जेल में गर्मी में क्या हाल हो रहा होगा। वो भी तब जब भीषण हीट वेव यानी लू चल रही है।

जेल की इमारत तप रही है। जेल प्रशासन के मुताबिक जेल में शाकाहारी भोजन ही बनता है। सिर्फ बीमार बंदी या कैदी को ही उबला मांस परोसा जाता है। चूंकि अब गर्मी ज्यादा है तो कारागार की रसोई में बनने वाले भोजन में उतने ही मसालों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे लोग बीमार न हों। इसके साथ ही एक समय बनने वाली चाय को भी बंद कर दिया गया है। चाय के स्थान पर अब आम पन्ना और नींबू पानी दिया जा रहा है।  


बंदियों और कैदियों को लू से बचाने के लिए सुबह 11 बजे नींबू पानी दिया जा रहा है। शाम को चार बजे आम पन्ना पिलाया जाता है। इसके अलावा खानपान का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 
- प्रमोद कुमार पांडेय, जेल अधीक्षक, उप कारागार हल्द्वानी