Health Tips: लगातार सिरदर्द व चिड़चिड़ापन इस खतरनाक बीमारी के हो सकते संकेत...खाने में इन चीजों से करें परहेज

Health Tips: लगातार सिरदर्द व चिड़चिड़ापन इस खतरनाक बीमारी के हो सकते संकेत...खाने में इन चीजों से करें परहेज

कानपुर, अमृत विचार। लगातार सिर में तेज दर्द, उल्टी, चिड़चिड़ापन, नींद न आना, धुंधला दिखना व चक्कर आदि की समस्या हो तो ब्रेन ट्यूमर का संकेत भी हो सकता है। युवाओं में यह समस्या कमजोर इम्यून सिस्टम, गड़बड़ खानपान और तनावपूर्ण जीवन जीने की वजह से बढ़ रही है। यह एक जानलेवा बीमारी है, जिसे लेकर लोगों में जागरुकता की कमी है। जागरूक होने पर इससे बचा जा सकता है। 

काकादेव स्थित दि पनेशिया हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ.विकास शुक्ला ने बताया कि गड़बड़ खानपान और तनाव पूर्ण जीवनशैली की वजह से युवाओं की इम्युनिटी कम हो रही है। इस कारण मस्तिष्क या उसके आसपास की कोशिकाओं में अनियंत्रित वृद्धि ब्रेन ट्यूमर का कारण बनती है। कभी-कभी इसके शरीर के अन्य अंगों में फैलने का भी खतरा हो सकता है। अगर शरीर के किसी भी अंग में कैंसर की सेल का ग्रोथ होता है तो उसका असर दिमाग पर भी पड़ता है और गांठ पड़ने लगती है। 

इसके अलावा स्मोकिंग और प्रदूषण भी ब्रेन ट्यूमर का मुख्य कारण है। बच्चे के दिमाग में पानी भरना, सिर का आकार बड़ा होना व दूध न पीना ट्यूमर के मुख्य लक्षण हैं। कोशिकाएं मरती हैं और उनकी जगह नई कोशिकाएं जन्म लेती हैं। इस बीमारी में नई कोशिकाएं तो पैदा होती रहती हैं, लेकिन पुरानी कोशिकाएं नहीं मरती। धीरे-धीरे कोशिकाओं और ऊतकों की एक गांठ बन जाती है, जिसे ट्यूमर कहते हैं।

फास्ट फूड से इम्युनिटी हो रही कम 

वर्तमान में चाऊमीन, मोमोज, फिंगर, पिज्जा, बर्गर, रोल समेत आदि फास्ट फूड का चलन काफी काफी तेजी बढ़ा है। इनके सेवन से शरीर की इम्युनिटी कमजोर होने लगती है। इसके अलावा प्लास्टिक के ग्लास, कटोरी आदि सामग्री में किसी चीज का सेवन करने पर भी दिमाग पर असर पड़ता है। 

शुरुआती लक्षण

- चक्कर व उल्टी आना।
- कोई भी चीज याद करने में समस्या होना।
- बोलने या समझने में परेशानी।
- सिर में लगातार दर्द रहना। 
- आखों की रोशनी कम होना या धुंधला दिखना।
- हाथ व पैर में सनसनी होना । 
- सुनने, स्वाद या सूंघने में दिक्कत होना।
- मूड स्विंग होना।  
- लिखने या पढ़ने में दिक्कत होना। 
- चेहरे, हाथ या पैर में कमजोरी। 

यह भी पढ़ें- Weather Forecast Kanpur: सूरज की तपिश और लू के थपेड़ों से पारा 43 पार...कानपुर मंडल समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अभी और चलेगी हीट वेव

 

ताजा समाचार