मुरादाबाद: कार की टक्कर से दो महिलाओं की मौत

मुरादाबाद,अमृत विचार। छजलैट थाना क्षेत्र में सुबह तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने टहलने निकली दो महिलाओं को रौंद दिया। हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिलाओं को रौंदने के बाद कार खराब होने पर भाग रहे चालक को राहगीरों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस के साथ ही …
मुरादाबाद,अमृत विचार। छजलैट थाना क्षेत्र में सुबह तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने टहलने निकली दो महिलाओं को रौंद दिया। हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिलाओं को रौंदने के बाद कार खराब होने पर भाग रहे चालक को राहगीरों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस के साथ ही परिजन भी घटनास्थल पर आ गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया है।
हादसा सुबह करीब छह बजे छजलैट थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-बिजनौर हाईवे पर गांव दाढ़ी वाली मढ़ैया और मथाना के बीच हुआ। ग्राम रानानगला निवासी सरोज देवी (55 वर्ष) कई साल पहले अपने परिवार के साथ गांव में आकर बस गई थी। पूरा परिवार हाईवे किनारे एक खेत पर बने मकान में रह रहा था। सरोज देवी के घर के सामने सड़क पार करके राजवती(50 वर्ष) अपने परिवार के साथ रहती थीं।
बताते हैं कि दोनों महिलाएं रोजाना सुबक एक साथ मार्निंग वाक के लिए जाती थीं। रविवार को भी रोजमर्रा की तरह दोनों टहलने के लिए निकली थी। गांव दाढ़ीवाला से मथाना मार्ग पर घूमते वक्त अचानक तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने दोनों महिलाओं को रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ने के साथ ही वह बंद हो गई। हादसे में सरोज देवी और राजवती की मौके पर ही मौत हो गई। इधर चालक ने कार लेकर भागने की कोशिश की लेकिन वह स्टार्ट नहीं हो सकी। जिस पर चालक कार छोड़कर भागने लगा लेकिन राहगीरों ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया।
सूचना पर पुलिस और परिजन भी आ गए। परिजन आनन-फानन में दोनों को निजी अस्पताल लेकर गए लेकिन डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने चालक को हिरासत में लेने के बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसओ सुनील चौधरी के अनुसार कार कब्जे में ले ली है, पकड़ा गया चालक रामपुर के आदर्श कालोनी निवासी गुरबीन है। उसका चालान कर दिया गया है।