'उत्तराखंड से बही यूसीसी की गंगा, पूरे देश को करेगी लाभांवित', बदायूं में बोले पुष्कर सिंह धामी 

'उत्तराखंड से बही यूसीसी की गंगा, पूरे देश को करेगी लाभांवित', बदायूं में बोले पुष्कर सिंह धामी 

बदायूं। लोकसभा चुनाव का प्रचार समाप्त हो गया। अंतिम दिन भाजपा ने अपनी तरकश में एक और तीर छोड़कर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी बदायूं पहुंचे। सदर विधायक के आवास पर प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि यूसीसी की गंगा उत्तराखंड से बही है। जो पूरे देश को लाभांवित करेगी। यूपी में कांग्रेस के लिए कहीं जमीन नहीं बची। सपा के तरकश के सभी तीर खत्म हो गए हैं। अन्य सरकारों के कार्यकाल में माफिया और वसूली गैंग हावी था। भाजपा सरकार ने माफियाओं को उनके ठिकाने पर पहुंचाया। वह भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में वोट करने की प्रार्थना करने आए हैं। जिसके बाद उन्होंने शहर में रोड शो किया। पुष्प वर्षा और पगड़ी पहनाकर और आतिशबाजी छोड़कर जगह-जगह स्वागत किया गया।

प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस की पहचान परिवारवाद, तुष्टिकरण की राजनीति और भ्रष्टाचार से है। नरेंद्र मोदी ने जो कहा वह करके दिखाया है। उन्होंने कहा था कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। आज अपराधी जेल में हैं। पार्टियां मोदी को रोककर सरकार बनाने का प्रयास नहीं कर रहीं बल्कि अपने अस्तित्व को बचाने, भ्रष्टाचार छिपाने के लिए गठबंधन करके चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने कार सेवकों पर गोलियां चलवाईं। यह कैसे भूल सकते हैं। कर्नाटक में ओबीसी के लिए नियम बदले। जो मोदी जी होने नहीं देंगे। यूसीसी के बारे में उन्होंने कहा कि अभी तो उत्तराखंड में लागू हुआ है। वहां से बही यूसीसी की गंगा से जल्द पूरा देश लाभांवित होगा। यह भाजपा के संकल्प पत्र में भी है। संविधान के अनुच्छेद 44 में भी है कि इस कानून को कभी भी लागू किया जा सकता है।

 

आगे कहा कि दुर्विजय शाक्य जीत रहे हैं। चुनाव के बाद चाचा शिवपाल और उनके बेटे आदित्य यादव बदायूं से गायब हो जाएंगे, ढूंढे नहीं मिलेंगे। भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि यह स्थानीय बनाम परदेशी का चुनाव है। परदेशियों का भरोसा नहीं। जैसे पहले सपा के सलीम इकबाल शेरवानी, धर्मेंद्र यादव, शिवपाल सिंह बदायूं छोड़ कर भागे। ऐसे ही सपा प्रत्याशी आदित्य यादव चले जाएंगे। हमारी यह जन्मभूमि है। हमेश साथ रहेंगे। जनता के सुख दुख में साथ खड़े होंगे। कहा कि भाजपा के साथ सभी जाति धर्म के लोग खड़े है। बदायूं में बसपा पहले ही लड़ाई से बाहर थी अब सपा भी लड़ाई से बाहर हो गई है।

जलाभिषेक के बाद शुरू हुआ रोड शो, शहर में निकला काफिला
प्रेस वार्ता के बाद यूके के सीएम पुष्कर धामी, भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, सदर विधायक महेश गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, एमएलसी वागीश पाठक, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव बिरुआबाड़ी मंदिर पहुंचे। जहां पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। काफिला में खुली गाड़ी में बैठे। जैसे-जैसे काफिला आगे बढ़ा, भीड़ भी बढ़ती गई। डीजे की धुन पर भीड़ थिरकती रही। जिसपर भाजपा के समर्थन के गीत बज रहे थे। जोश देखने लायक था। माहौल किसी उत्सव की तरह लग रहा था। शहर की मुख्य सड़कें भाजपा के झंडों से पट गईं। छतों से फूलों की वर्षा होती रही। नारे लगते रहे। रोड शो के दौरान सीएम और प्रत्याशी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिनंदन किया। रोड शोर पथिक चौक, मढ़ई चौक, हलवाई चौक, सुभाष चौक, रजी चौक, कश्मीरी चौक, इंद्रा चौक, भामाशाह चौक होते हुए गुजरा और बदायूं क्लब पहुंचकर समाप्त हुआ। भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस ने कई रास्ते बंद किए।

पंजाबी सेवा समिति ने किया स्वागत, पहनाई पगड़ी
पथिक चौक पर आर मन एंड टीएम स्टील फैक्ट्री के निदेशक और पंजाबी समाज सेवा समिति के पदाधिकारियों ने स्वागत किया और पगड़ी पहनाई। समिति के प्रदीप धींगड़ा के आवास पर अध्यक्ष सरदार गुरदीप सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक नारंग, अशोक खुराना, राजेंद्र अनेजा, अनिल जटवानी, राकेश सेठी, उमेश अरोड़ा, राजेश धींगड़ा, सुरेंद्र नानक, ओम कोचर, सदस्य देवेंद्र उर्फ मोनू मिनोचा, सुनील धींगड़ा, बिन्नी नारंग आदि ने स्वागत किया। तनुज आहुजा, गौरव ग्रोवर, अमित गांधी, विशाल दीवान, देवेंद्र ढींगरा आदि उपस्थित रहे। धींगड़ा भवन के बाहर नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के जिलाध्यक्ष और आइपीएस उत्तरखंड में डीजी होमगार्ड्स पर पद पर तैनात केवल खुराना के भाई और समाजसेवी अशोक खुराना के बेटे विवेक खुराना ने भी स्टाल लगाया गया। उन्होंने स्वागत में फूलों की 51 किग्रा की माला पहनाई। जहां विजय मेहंदीरत्ता, सचिन आदि मौजूद रहे।

मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनवाएगा जनता आशीर्वाद
उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से लगातार दूसरी बार उत्तराखंड में भाजपा सरकार बनी। जनता का वही आशीर्वाद मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनवाएगा। राहुल गांधी के अमेठी की बजाय रायबरेली से नामांकन कराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अमेठी उनके परिवार की परंपरागत सीट थी। इंदिरा गांधी, संजय गांधी वहां से हारे लेकिन अमेठी नहीं छोड़ा। अब राहुल गांधी ने रण छोड़ दिया है। यह देश देख रहा है। अभी अमेठी छोड़ी है अब वायनाड भी छोड़ेंगे।

ये भी पढ़ें- बदायूं: परिवार में कहासुनी के बाद युवक ने फंदा लगाकर दी जान, मचा कोहराम