अयोध्या: भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह ने दाखिल किया नामांकन

अयोध्या: भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह ने दाखिल किया नामांकन

अयोध्या। अयोध्या में फैजाबाद संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी लल्लू सिंह ने नामांकन के पहले दिन शुक्रवार को अपना पर्चा दाखिल किया। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि पांचवे चरण की अधिसूचना आज घोषित की गयी है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही प्रत्याशियों द्वारा नामांकन की कार्यवाही भी प्रशासन द्वारा की जा रही है।

नामांकन के पहले दिन 54-फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी लल्लू सिंह द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किया गया। पहले दिन 21 व्यक्तियों द्वारा 29 सेट नामांकन फार्म प्रत्याशियों एवं उनके प्रतिनिधियों द्वारा लिये गये। उन्होंने बताया कि 54 लोकसभा फैजाबाद निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन कक्ष में पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक नामांकन सम्बंधी कार्यवाही की गयी।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरुद्ध प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सलिल कुमार पटेल, उप जिलाधिकारी सदर राजकुमार पांडेय सहित नामांकन एवं अन्य चुनावी प्रक्रिया में लगे अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह के प्रस्तावक प्रो. सत्येन्द्र नाथ त्रिपाठी, बांकेमणि बिहारी त्रिपाठी, केन्द्रीय लोकसभा चुनाव आयोग/ विधिक प्रो. कृष्ण मुरारी, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव आदि भी उपस्थित थे।

भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह ने अपने नामांकन के समय शपथ पत्र में पैतृक सम्पत्ति के साथ-साथ कैश, जेवर तथा अन्य स्रोतों से करोड़ों से ज्यादा सम्पत्ति है। इन्होंने करोड़ों रुपये का लोन भी बैंक से व अन्य संस्थाओं से ले रखा है। इनके ऊपर लम्बित अपराधिक मामलों की संख्या शून्य है।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: पड़ोसियों ने युवक पर चाकू से किया हमला, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर