Kanpur: अंडा बिरयानी और करी खाई...ट्रेन में ही बिगड़ी यात्रियों की हालत, रेलवे बोला- ट्रेन में पेंट्रीकार, साइड पैंटीकार उपलब्ध नहीं

सेंट्रल स्टेशन पर यात्रियों को चिकित्सकों की टीम ने दिया उपचार

Kanpur: अंडा बिरयानी और करी खाई...ट्रेन में ही बिगड़ी यात्रियों की हालत, रेलवे बोला- ट्रेन में पेंट्रीकार, साइड पैंटीकार उपलब्ध नहीं

कानपुर, अमृत विचार। यशवंतपुर जंक्शन से गोरखपुर जा रही 22534 यशवंतपुर गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में आठ एसी कोचों में सवार यात्रियों की नागपुर जंक्शन पर अंडा बिरयानी व अंडा करी खाने से हालत बिगड़ गई। यात्रियों को पेट दर्द व उल्टी-दस्त शुरू हो गए।

यात्रियों को फूड प्वाइजिनिंग की खबर पाकर ट्रेन को झांसी में रोका गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने 37 यात्रियों का चेकअप कर दवा दी। ट्रेन जब कानपुर सेंट्रल पहुंची तो यहां लोको अस्पताल के अधीक्षक समेत डॉक्टरों की टीम ने 18 गंभीर बीमारों के साथ करीब 40 यात्रियों का चेकअप कर दवाएं दीं।

करीब आधे घंटे बाद ट्रेन गोरखपुर के लिए रवाना हुई। फूड प्वाइजनिंग की घटना से अवैध तरीके से ट्रेनों में बिक रही खानपान सामग्री पर सवाल खड़े हो गए हैं।

सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी कोच बी-वन, टू, थ्री, फाइव, सेवन व एट में सवार यात्रियों के अनुसार नागपुर के बलारशाह स्टेशन पर वेंडर को अंडा करी व अंडा बिरयानी आर्डर किया था। गुरुवार रात करीब 9.30 बजे ट्रेन में ही खाना खरीदकर खाया था। उसके कुछ समय बाद ही पेट दर्द, उल्टी-दस्त व बुखार की शिकायत होने लगी।

इस पर यात्रियों ने टीटीई को मामले की जानकारी दी। एक साथ करीब 40 यात्रियों की हालत बिगड़ने पर ट्रेन को झांसी में रोका गया और रेलवे चिकित्सकों ने सभी का चेकअप कर यात्रियों को दवाएं दीं। इसके बाद कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रेलवे स्वास्थ्य, वाणिज्य और चेकिंग टीम को अलर्ट किया गया।

ट्रेन शुक्रवार दोपहर 12.02 बजे सेंट्रल के प्लेटफार्म पांच पर आई तो स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने लोको अस्पताल के सीएमएस डॉ. रवींद्र प्रसाद को बताया। डॉ. अतुल, डॉ. आशीष मिश्र, डॉ. केएल राय सिंघानिया, डॉ. अंकिता राजपूत ने स्टेशन पर सभी मरीजों को चेकअप कर दवाएं दीं। डक्टरों के अनुसार कोई मरीज गंभीर नहीं है।

ट्रेन करीब 35 मिनट सेंट्रल स्टेशन पर खड़ी रही। सेंट्रल स्टेशन के उप मुख्य यातायात अधीक्षक आशुतोष सिंह ने बताया कि घटना नागपुर जंक्शन पर अंडा करी खाने से हुई है। जांच कराई जा रही है। आईआरसीटीसी के माध्यम से उक्त वेंडर का पता लगाने में टीम लगी है। 

पेंट्रीकार, साइड पैंटीकार पर उठे सवाल 

यात्रियों को हुई फूड प्वाइजनिंग से रेलवे में बिक रही खानपान सामग्री पर सवाल उठा है। कई यात्रियों ने कहा कि पता ही नहीं चलता कि पेंट्रीकार, साइड पैंटीकार रेलवे से मान्य है या अवैध। लेकिन धड़ल्ले से खाना परोसा जा रहा है। एक सप्ताह पहले ही सेंट्रल स्टेशन पर अधिकारियों के औचक निरीक्षण में कई अवैध वैंडर खाना बेंचते पकड़े गए थे। 

अंडा बिरयानी खाकर यात्रियों के बीमार होने की खबर मिली है। सेंट्रल स्टेशन पर डॉक्टरों की टीम ने यात्रियों का चेकअप कर उपचार दिया है। मामले की जांच कराई जा रही है।- अमित सिंह, पीआरओ, प्रयागराज

ये भी पढ़ें- Kanpur: तलाशती रह गई 'खाकी'...कुख्यात अपराधी शाहिद पिच्चा ने चकमा देकर कोर्ट में किया सरेंडर, आरोपी पर मुकदमों की है लंबी फेहरिस्त