बरेली: पूर्व विधायक मास्टर छोटेलाल गंगवार ने कांग्रेस छोड़कर थामा बसपा का दामन 

बरेली: पूर्व विधायक मास्टर छोटेलाल गंगवार ने कांग्रेस छोड़कर थामा बसपा का दामन 

बरेली, अमृत विचार। बरेली। पूर्व विधायक मास्टर छोटेलाल गंगवार ने कांग्रेस को छोड़कर अपने समर्थकों के साथ बसपा का दामन थाम लिया है। इस दौरान बहुजन समाज पार्टी के कार्यालय पर जिला अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने माला पहना कर उनका स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलाई।

बताया जा रहा है कि उनका लोकसभा चुनाव के लिए बसपा से टिकट भी लगभग पक्का है। मीडिया से बात करते हुए पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार ने कहा कि वह बसपा में इसलिए शामिल हुए हैं, क्योंकि कांग्रेस ने तो प्रदेश ही छोड़ दिया है।  वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने देश को बेचने का काम किया है।

जब से भाजपा सरकार आई है, देश की जनता त्रस्त है। क्योंकि इस सरकार ने देश को लूटने का काम किया किया है। पूर्व विधायक ने हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की सरकार लगातार झूठ बोलने का काम करती आ रही है। साथ ही देश की सम्पत्ति को बेचा जा रहा है। लेकिन बसपा हमेशा से धर्मनिरपेक्ष पार्टी रही है।

उन्होंने कहा कि हमारे देश को चलाने के लिए बाबा भीमराव अम्बेडकर ने संविधान का निर्माण  किया, जो दुनिया का सबसे बड़ा संविधान है। संविधान में कमजोर, शोषित, दलित वर्ग का उत्थान कैसे किया जाए, इस पर विशेष ध्यान दिया गया। जबकि मौजूदा सरकार अपने खिलाफ बोलने वाले को झूठे केस में फंसाकर जेल भेज रही है।

इस दौरान बसपा के वरिष्ठ नेता वेद प्रकाश वाल्मिकि, कैंट विधानसभा अध्यक्ष पप्पू राना, शहर विधानसभा अध्यक्ष देशराज सागर, मुख्य मंडल प्रभारी ब्रह्म स्वरूप सागर, जिला महासचिव गुरुवचन सिंह, जिला सचिव वेद प्रकाश मिंटू समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- बरेली: आंवला के रेवती स्टेशन के पास प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर दी जान