कासगंज: दीवार के विवाद में दो पक्षों में संघर्ष, गोली लगने से एक घायल

कासगंज: दीवार के विवाद में दो पक्षों में संघर्ष, गोली लगने से एक घायल

कासगंज, अमृत विचार । सिढ़पुरा के सुदामा नगर में निर्माणाधीन मकान की दीवार लगाने को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसकी पत्नी को  मारपीट से गंभीर चोटें आई हैं। युवक को अलीगढ़ रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव बलहारपुर निवासी राजू पाल पुत्र जोतसिंह कस्बे के सुदामा नगर में मकान का निर्माण कर रहे हैं। शुक्रवार की सुबह मकान निर्माण के दौरान दीवार लगाने को लेकर मुहल्ले के ही पप्पू आदि से कहा सुनी हो गई। मामला बढ़ा तो मारपीट तक जा पहुंचा। लाठिया चली पप्पू पक्ष की ओर से फायरिंग की गई।

गोली लग जाने से राजू पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि मारपीट में उनकी पत्नी सुनीता के भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर थाना सिढ़पुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से गोली लगने से घायल हुए राजू को जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर बताते हुए अलीगढ़ रेफर किया है। वहीं पत्नी का उपचार सिढ़पुरा के स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है।

मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद में गोली लगने से राजू पाल घायल हुआ है। जिसे अलीगढ़ रेफर किया गया है। मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।---राधेश्याम, इंस्पेक्टर सिढ़पुरा

ये भी पढ़ें- कासगंज: मिलावट खोरी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने चलाया अभियान, इन चीजों के लिए सैंपल