अमरोहा: किशोरी का धर्म परिवर्तन कराकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

अमरोहा, अमृत विचार। आरोपी ने गैर संप्रदाय की किशोरी को घर से बहला-फुसलाकर लाने के बाद पहले उसका धर्म परिवर्तन किया। जिसके बाद में उसका नाम बदलकर शबनम रख दिया। बिना रजामंदी आरोपी ने उससे निकाह भी किया।
पीड़िता ने आरोपी युवक पर दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया है। मामले में नारी उत्थान केंद्र की सदस्य की तहरीर पर आरोपी युवक और उसके एक अज्ञात साथी पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार्रवाई के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर कलां निवासी चांद शनिवार दोपहर संभल जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की दूसरे संप्रदाय की किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ अमरोहा ले आया था। यहां एक वकील के माध्यम से वह किशोरी से कोर्ट मैरिज करने के इरादे से कचहरी पहुंचा था। जानकारी होने पर वहां पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपी युवक को जोया रोड पर पकड़ लिया।
संगठन के जिला संयोजक कुशल चौधरी, सहसंयोजक वीरेंद्र कुमार ने मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी थी। मौके पर भीड़ लगने के दौरान भागने की कोशिश कर रहे युवक को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने बाद में किशोरी को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया था। जिसके बाद किशोरी का मेडिकल कराया गया।
मामले में नारी उत्थान केंद्र की सदस्य उषा शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चांद और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट व धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी चांद ने किशोरी का धर्म परिवर्तन कराने के बाद उसका नाम बदलकर शबनम रखकर निकाह कर लिया था। फिलहाल किशोरी को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद उसे परिजनों की सुपुर्दगी में दिया जाएगा। वहीं बजरंग दल के पदाधिकारियों का कहना है कि आरोपी युवक ने अपना धर्म छिपाकर लव जिहाद किया था।
ये भी पढे़ं- अमरोहा : रुपयों के विवाद में लकड़ी कारोबारी की गोली मारकर हत्या, जानिए पूरा मामला