बहराइच: ग्रामीणों की पिटाई से हुई थी तेंदुए की मौत, तीन गिरफ्तार

बहराइच, अमृत विचार। जनपद के मुर्तिहा रेंज के लाल बोझा गांव में 20 जनवरी को सुबह एक तेंदुए का शव मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पीटकर मौत की बात सामने आई थी। पूछताछ के बाद वन विभाग के तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
तेंदुए को मारने वाले हुए गिरफ्तार
मिहीपुरवा, बहराइच। कतर्निया घाट वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत मुर्तिहा रेंज के लालबोझा में बीते 20 जनवरी को मृत हालत में तेंदुआ पाया गया था। जिसके चेहरे पर चोट के निशान पाए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेंदुए की पीटकर हत्या की बात सामने आई थी। तब से वन विभाग को आरोपियों की तलाश थी।
काफी खोजबीन के पश्चात तेंदुए को मारने वाले तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए और उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। डीएफओ बी शिवकुमार ने बताया कि अभियुक्त कोतवाली मुर्तिहा के लालबोझा ग्राम पंचायत के चमारनपुरवा निवासी बालक राम पुत्र धनीराम, बुधई पुत्र धनीराम और राजेंद्र पुत्र दसई को मंगलवार सुबह गिरफ्तार किया गया।
प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट के कुशल नेतृत्व में टीम गठित कर सभी को गिरफ्तार किया गया। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि सभी ने तेंदुए की हत्या की। इसके बाद शव ठिकाने लगाने का प्रयास कर रहे थे। तभी कुछ ग्रामीणों ने देख लिया और सभी तेंदुए का शव छोड़कर फरार हो गए।डीएफओ ने बताया कि आरोपियों के पास से दो अदद लाठी और एक कुल्हाड़ी बरामद हुई है।
यह भी पढ़ें:-भाजपा ने खत्म किया राम मंदिर का मुद्दा, बोले अंसारी- अब भागवत की 'कलह खत्म करने' की बात पर हो अमल