रामपुर में गूंजे जय श्री राम के नारे, भगवामय हुआ शहर
शहर विधायक आकाश सक्सेना ने किया राम रथ यात्रा का आगाज, बोले राम राज्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प

रामपुर, अमृत विचार। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व रामपुर भगवामय हो गया। रामपुर की फिजा में जय श्रीराम के नारों की गूंज रही, तो भजनों से श्रृद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस बीच शहर विधायक आकाश सक्सेना ने राम रथ यात्रा का आगाज किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प है कि राम राज्य की स्थापना हो और यह कार्य होकर रहेगा।
रविवार को मुख्य अतिथि शहर विधायक आकाश सक्सेना नवाब गेट पहुंच गए। यहां बाला जी शोभायात्रा के तत्वाधान में निकाली जा रही राम रथ यात्रा का शुभारंभ भगवान श्रीराम के पूजन से किया। इसके बाद श्रृद्धालु जय श्रीराम के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते गए। हाथों में भगवा ध्वज, माथे पर तिलक और श्रृद्धालुओं के गले में पड़ा जय श्रीराम का पटका रथ यात्रा की शोभा बढ़ा रहा था। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का स्वागत किया। इस बीच समाजसेवी जगह-जगह भक्तों की सेवा करते नजर आए।
भगवान राम के भजन और बैंड की धुन ने श्रृद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। रथ यात्रा राजद्वारा, मिस्टन गंज होते हुए अग्रवाल धर्मशाला पर संपन्न हुई। इस मौके पर शहर विधायक ने कहा कि राम राज्य का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया है। मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही राम राज्य की संकल्पना भी साकार होगी।
उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा को विश्व दीवाली के रूप में मना रहा है ऐसे में रामपुर के लोग कैसे पीछे रहते। पूरा शहर भगवा कपड़े, रंग बिरंगी लाइटों और झंडों से सजा दिया है। आवास विकास में तो भगवा द्वार बनाए हैं, जिससे शहर की शोभा बढ़ गई है। उन्होंने विश्व कल्याण की कामना करते हुए कहा कि राम मंदिर संपूर्ण विश्व के लिए एकजुटता, धर्म, कर्तव्य, आदर्शों पर चलने का प्रतीक बनेगा। इस अवसर पर सैकड़ों रामभक्त मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : लक्खी बाग स्थित शिव मंदिर पहुंचे कैबिनेट मंत्री धर्मपाल, किया जलाभिषेक