रुद्रपुर: ग्रांट मिलते ही उत्तराखंड में लागू होगी समान नागरिक संहिता: सीएम

रुद्रपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में जल्द ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू हो जाएगी। इसके लिए जल्द ही केंद्र सरकार से ग्रांट मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू करने के लिए गठित विशेषज्ञ कमेटी अब तक राज्य में 2 लाख 35 हजार से अधिक लोगों से रायशुमारी भी कर चुकी है।
बुधवार को मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री धामी रुद्रपुर के गांधी पार्क में आयोजित नारी शक्ति वंदन महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उत्तराखंड में यूसीसी को लागू करने के लिए राज्य में रहने वाले लोगों के व्यक्तिगत नागरिक मामलों को नियंत्रित करने वाले सभी प्रासंगिक कानूनों की जांच के लिए विशेषज्ञ कमेटी का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि तब से लेकर अब तक गठित कमेटी लोगों से रायशुमारी कर रही थी।
उन्होंने कहा कि यूसीसी को लागू करने के लिए जल्द ही केंद्र सरकार से ग्रांट मिलने वाली है। इस ग्रांट के मिलते ही इस राज्य में लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब से वे मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य का नेतृत्व कर रहे हैं तब से राज्य और देश हित में निर्णय ले रहे हैं। चाहे वह भ्रष्टाचार हो या फिर देश का सबसे कठोर कानून नकल विरोधी हो या फिर लेंड जिहाद सबसे एक के बाद एक निर्णय लिए हैं। इसी क्रम में अब जल्द राज्य में यूसीसी लागू करने जा रहे हैं।
देश बनेगा विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया के अंदर देश का सम्मान, स्वाभिमान बढ़ा है। अगर आप लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया तो देश विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभर कर सामने आएगा।
22 को दिये जलाकर करना है भगवान श्री राम का गुणगान
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या के श्रीराम मंदिर में रामलला विराजमान होंगे। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी ने देश की 140 अरब देशवासियों से इस दिन हर घर में दिये जलाकर दीपोत्सव मनाने की अपील की है। साथ ही इस दौरान भगवान श्री राम का गुणगान करने की अपील की है। उन्होंने इस दिन सभी लोग अपने-अपने घरों में दिये जलाएं और दीपोत्सव पर्व मनाएं।
600 मीटर तक रोड शो में सीएम धामी का जगह-जगह भव्य स्वागत
रुद्रपुर। गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम को संबोधन से पूर्व सीएम धामी ने गल्ला मंडी से कार्यक्रम स्थल तक करीब 600 मीटर तक रोड शो किया। इस दौरान उनके वाहन पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक शिव अरोरा मौजूद रहे। रोड शो के दौरान विभिन्न वर्ग के लोगों के साथ ही व्यापारियों, सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर जगह-जगह भव्य स्वागत किया। स्वागत के दौरान पूरे मार्ग में महिलाओं की संख्या काफी रखी। इस दौरान लोगों की हुजूम को देखकर सीएम धामी गदगद हो उठे और हाथ जोड़कर सभी का अभिनंदन स्वीकार किया।