बदायूं: ई-पॉस मशीन से लिंक होगा कोटेदारों का कांटा
DEMO IMAGE

बदायूं, अमृत विचार। कोटेदारों का कांटा ई पॉस मशीन से लिंक किया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से जिला पूर्ति विभाग को राशन दुकानों की संख्या के अनुसार 1427 वेइंग मशीन मिल रही हैं।
इससे जितने यूनिट का बायोमेट्रिक सत्यापन होगा, उतने ही राशन की तौल होगी। शासन की ओर से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन कार्ड धारकों को मिलने वाले खाद्यान्न में घटतौली को रोकने के लिए जल्द नई व्यवस्था शुरू करने का निर्देश विभाग को दिया है। सरकार की नए तौल कांटे देने की योजना उपभोक्ताओं को कम राशन देने की शिकायतों पर रोक लगाएगी।
जिले में साढ़े पांच लाख के आस पास कार्डधारकों को निशुल्क राशन का लाभ मिल रहा है। लोग आए दिन अधिकारियों से घटतौली की शिकायतें करते रहते हैं। नई व्यवस्था से शिकायतों पर विराम लग जाएगा। कोटेदारों को मिली ई-पॉस मशीनों को ई-कांटे से लिंक किया जाएगा।
ई-कांटे से तौल किए गए खाद्यान्न की सूचना सीधे वेबसाइट पर प्रदर्शित होगी। लाभार्थी खाद्यान्न की पावती भी मांग सकेंगे व उनके पंजीकृत मोबाइल पर भी मैसेज आएगा। ई-कांटे से लिंक ई-पास मशीन फिंगरप्रिंट व आई स्कैनर से युक्त रहेंगी। कम मात्रा होने पर मशीन खाद्यान्न के तौल की स्वीकृति ही नहीं प्रदान करेगी।
इसमें कार्ड धारक का ई पॉस मशीन अंगूठा लगाते ही इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन में चावल व गेहूं का वजन फीड हो जाएगा। नए सिस्टम में किस तरह अंगूठा लगवाना है और किस प्रकार अनाज तौलना है। इसके लिए सभी राशन विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राशन को तौलने के लिए नई व्यवस्था लागू हो रही है। 1427 वेइंग मशीन मिल रहीं हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद अनाज वितरण के समय एक तरफ लाभार्थियों को सहूलियत मिलेगी। वहीं, दूसरी तरफ विभाग को खाद्यान्न वितरण की सही स्थित की जानकारी भी विभागीय वेबसाइट पर मिलती रहेगी। इससे कोटेदारों की मनमानी पर रोक लग जाएगी। साथ ही अनाज वितरण में घटतौली की शिकायत पर भी विराम लगेगा।
-रमन मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी
ये भी पढे़ं- बदायूं: सीकरी की प्रधान और सचिव ने 13 लाख से अधिक धनराशि का किया गबन, दर्ज होगी FIR