संतकबीरनगर: मजबूत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ही साकार होगी विकसित की परिकल्पना- इंद्रजीत मिश्र
विकसित भारत संकल्प यात्रा का हारापट्टी में हुआ स्वागत

अमृत विचार, संतकबीरनगर। आजादी के बाद भारत ने तमाम कमजोर प्रधानमंत्री देखे हैं। उनके कार्यकाल में विकास की कोई ठोस पहल इसलिए नहीं हो सकी कि उन्हें देश से ज्यादा अपनी कुर्सी बचाने की चिंता थी। जनता ने वर्ष 2014 में देश में मजबूत सरकार स्थापित कराया तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में विरासतों के संरक्षण के साथ ही देश को विकसित बनाने की तरफ बड़ी तेजी से अग्रसर हैं। उक्त बातें संतकबीरनगर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा सांसद इंद्रजीत मिश्र ने बघौली ब्लाक के ग्राम हारापट्टी में विकसित भारत संकल्प यात्रा का स्वागत करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि एक समय था कि जब देश में नागरिकों को खाने भर का अन्न नहीं हो पाता था। अमेरिका से बेहद खराब क्वालिटी का बाजार और गेहूं तत्कालीन भारत सरकार ने आयात किया था। समय बदला तो आज का भारत दुनिया के 100 से अधिक देशों को खाद्यान्न और दवाएं निर्यात कर रहा है। आज का भारत अपने शत् प्रतिशत नागरिकों को जन-धन खाते, 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को प्रति माह नि:शुल्क खाद्यान्न, 12 करोड़ से ज्यादा लोगों को प्रधानमंत्री आवास, 80 करोड़ लोगों को शौचालय, सभी किसानों को किसान सम्मान निधि, गरीबों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पांच लाख रुपए तक का उपचार, करोड़ों गरीबों को उज्वला योजना का रसोई गैस कनेक्शन, पेंशन जैसी विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा महज इसी उद्देश्य से संचालित किया है कि देश का कोई भी गरीब सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होने से अछूता न रहे।
उन्होंने आगे बताया कि पार्टी ने हम जैसे कार्यकर्ताओं की ड्यूटी इस यात्रा में इसलिए लगाई है कि अधिकारी और कर्मचारी सही तरीके से गरीबों को लाभान्वित करा रहे हैं इस बात की जानकारी ली जा सके। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रचार और ईमानदारी पूर्वक जनता को लाभान्वित कराया जाएगा तो उससे पार्टी का भी प्रचार होगा। आज भारत दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बन चुका है। 2045 तक भारत अपने पुराने वैभव को प्राप्त कर विकसित राष्ट्र बन जाएगा। इसके लिए जन भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अगर विकसित भारत की परिकल्पना को साकार कराना है तो जनता को 2024 में प्रचण्ड बहुमत के साथ मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना ही होगा।
ये भी पढ़ें:- संतकबीरनगर: मगहर कबीर महोत्सव के लिए शासन से मिले 40 लाख