रामपुर: आंबेडकर प्रतिमा के सामने लगाए भाजपा के पोस्टर, हंगामा

रामपुर/बिलासपुर,अमृत विचार : आंबेडकर प्रतिमा के सामने नगर पालिका द्वारा टांगे गए भाजपा के पोस्टर को लेकर विवाद हो गया। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और पुलिस के सामने भाजपा का पोस्टर फाड़ दिया। पुलिस मामले को शांत कराने में जुटी रही।
बाबा साहेब की जयंती के अवसर पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने क्षेत्र में रैली निकाली थी। रैली क्षेत्र के गांवों से घूमते हुए भाखड़ा डैम किनारे आंबेडकर पार्क पहुंची तो बाबा साहेब की प्रतिमा के सामने भाजपा का पोस्टर देख कार्यकर्ताओं का पारा चढ़ गया। वह नारेबाजी और हंगामा करने लगे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से मना कर दिया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि पार्क में सुबह नगर पालिका ने एक कार्यक्रम कराया था। इसी के तहत उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा के सामने सबसे ऊपर भाजपा का पोस्टर टांग दिया। कोई भी व्यक्ति बाबा साहब से ऊपर नहीं है। प्रभारी निरीक्षक लोगों को शांत करने लगे। तभी कुछ व्यक्तियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पोस्टर फाड़ दिया। करीब डेढ़ घंटे तक खींचतान होती रहा।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। ईओ डॉक्टर नितिन कुमार ने बताया कि पालिका ने बाबा साहेब की प्रतिमा के सामने कोई पोस्टर नहीं लगाया था। बिना वजह मामले को तूल देकर पालिका को बीच में घसीटा होगा। ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है।
यह भी पढ़ें- बरेली में दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत