सितारगंज: खटीमा के गन्ना किसानों ने सितारगंज चीनी मिल गेट पर प्रदर्शन
On

सितारगंज, अमृत विचार। खटीमा के गन्ना किसानों ने सितारगंज चीनी मिल गेट पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि सेंटरों से गन्ना उठान नहीं हो रहा है। किसानों को इंडेट भी पर्याप्त नहीं मिल पा रहे हैं। किसानों ने मिल के अफसरों पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि चीनी मिल के अफसर व कर्मचारी किसानों का फोन तक रिसीव नहीं करते हैं।
शुक्रवार को गन्ना सोसायटी खटीमा क्षेत्र के किसानों के शिष्टमंडल ने चीनी मिल पर केंद्रों से गन्ना न उठने पर आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद जीएम से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया। कहा कि गन्ना सेंटरों में किसानों के गन्ने की तौल व उठान नहीं हो पा रहा है।
आरोप लगाया कि चीनी मिल प्रबंधन खटीमा सोसायटी क्षेत्र का गन्ना नहीं लेकर टोकन के माध्यम से गुपचुप तरीके से यूपी का गन्ना खरीद कर रहा है। खटीमा क्षेत्र के कई सेंटरों पर 20-25 ट्रैक्टर ट्रालियों में गन्ना लदा हुआ है। किसानों ने मिल प्रशासन को चेतावनी दी कि 18 तक व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो 19 दिसम्बर से सभी सेंअरों में गन्ना सप्लाई बंद कर दी जायेगी। उन्होंने कहा कि मिल प्रबंधन का किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। यहां परमजीत सिंह, जसपाल सिंह, हरदेव सिंह, जगदीश सिंह, प्रतपाल सिंह, जस्सा सिंह मौजूद थे।