मिलेट्स महोत्सव: कृषि वैज्ञानिक बताएंगे श्री अन्न के फायदे, किसानों को मोटा अनाज उपजाने को किया जाएगा प्रेरित

मिलेट्स महोत्सव: कृषि वैज्ञानिक बताएंगे श्री अन्न के फायदे, किसानों को मोटा अनाज उपजाने को किया जाएगा प्रेरित

प्रतापगढ़। मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए सरकार जोर दे रही है। इसे लेकर कृषि विभाग द्वारा शुक्रवार से दो दिवसीय मिलेट्स महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसमें श्री अन्न के स्टाल लगेंगे, प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। कृषि वैज्ञानिक श्री अन्न के फायदे बताएंगे।

जनपद में गत वर्ष तीन दिवसीय मिलेट्स महोत्सव का आयोजन जीआइसी में किया गया था। इस वर्ष दो दिवसीय महोत्सव 17 एवं 18 नवंबर को कृषि भवन में इसका आयोजन किया जा रहा है। दो दिन तक होने वाले महोत्सव के जरिए कृषि विभाग प्रगतिशील किसानों को जहां सम्मानित करेगी, वहीं मिलेट्स उत्पादों के लिए अन्य किसानों को प्रेरित भी करेगी।

महोत्सव के माध्यम से मिलेट्स फसलों के उत्पादन, उपभोग, विपणन, निर्यात आदि के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। यहां श्रीअन्न के उत्पादों के कई स्टाल भी लगेंगे। इसमें एफपीओ, प्रतिभागी व मिलेट्स पर काम करने वाली कंपनियों के स्टाल रहेंगे। इसके जरिए लोग मिलेट्स उत्पादों के फायदों से भी अवगत होंगे।

श्री अन्न को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग ने किसानों को निश्शुल्क बीज का किट उपलब्ध कराया था। मोटे अनाज का दायरा भी जिले में बढ़ा दिया गया है। खरीफ 2023 में नदी के किनारे स्थित विकास खंडों के गांव में 50-50 हेक्टेयर की दर से 300 हेक्टेयर शंकर बाजार फसल का प्रदर्शन कराया गया।

इसके अलावा नदी के किनारे के गांव को चिन्हित कर उन गांव के किसानों को ज्वार बाजरा, सांवा, कोदो के निःशुल्क मिनी किट बांटे गए। जिले में ज्वार का एरिया 861, बाजरा का 873, सावां, कोदों रागी का 75 हेक्टेयर बढ़ाया गया है। 

जनपद में श्रीअन्न को बढ़ावा देने के लिए दो दिवसीय मिलेट्स महोत्सव 17 एवं 18 नवंबर को कृषि भवन में आयोजित किया जा रहा है। इसमें किसानों को कृषि वैज्ञानिकों द्वारा मोटे अनाज के बारे में बेहतर और स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।
                                                                                                          -विनोद कुमार यादव, उपकृषि निदेशक

यह भी पढ़ें: हमीरपुर: इलाज के दौरान नवजात की हुई मौत पर भड़के परिजन, डॉक्टर पर लगाया गलत दवा देने का आरोप