बरेली: पहली रोटी और आटे का चोकर गाय को अभियान चलाएगा नगर निगम
गो प्रेमियों को मासिक और वार्षिक सदस्यता दिलाई जाएगी, अस्पताल, व्यापार मंडल, होटल के सहयोग और सीएसआर फंड से उपलब्ध होगा आहार

बरेली, अमृत विचार : गाय की सेवा करने के इच्छुक लोगों की इच्छा पूरी करने के लिए नगर निगम शहरवासियों जागरूक करेगा। इसके लिए नगर निगम ‘पहली रोटी गाय की और आटे का चोकर गाय को’ अभियान चलाएगा। अभियान के तहत होटल, अस्पताल, व्यापार मंडल और अन्य क्षेत्र के जुड़े गणमान्य लोगों को गाय की सेवा के लिए शपथ दिलाई जाएगी।
ये भी पढ़ें - बरेली: वन मंत्री ने नंदौसी गौशाला में किया पूजन, गौ माता को खिलाया गुड़
बुधवार को प्रमुख सचिव नगर विकास ने 15 सितंबर तक सभी गोवंश को गोशाला में संरक्षित करने के निर्देश दिए हैं। निगम की नंदौसी गोशाला में लगभग 1100 से अधिक गोवंश संरक्षित हैं। निगम अब संरक्षित गायों की सेवा के लिए शहरी जनता का आह्वान करेगी। शहर में तमाम लोग ऐसे हैं जो गोसेवा करना चाहते हैं लेकिन घर में जगह की कमी से उनकी इच्छा पूरी नहीं हो पा रही है।
निगम गोशाला में गोवंश के पोषण के लिए ‘गो ग्रास सेवा योजना’ के तहत गो प्रेमियों को मासिक और वार्षिक सदस्यता ग्रहण कराएगा। मासिक शुल्क 600 रुपये होगा। योजना के तहत प्राप्त होने वाली धनराशि से गुड़, सेंधा नमक, चोकर, हरा चारा आदि की व्यवस्था की जाएगी। गोशाला संचालन के लिए पार्षद व अन्य लोगों की एक संयुक्त कमेटी गठित की जाएगी। पालतू गाय को आवारा छोड़ने पर संबंधित गौ पालक पर भारी जुर्माना भी निगम लगाएगा।
शहर में काफी लोग ऐसे हैं जो गाय पालना और उनकी सेवा करना चाहते हैं लेकिन उनके पास जगह नहीं है। निगम ऐसे लोगों की सुविधा के लिए गाेवंश को गोद लेने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगा। इससे निगम के सहयोग से लोगों को आसानी से गो सेवा का लाभ मिल सकेगा। =निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त
ये भी पढ़ें - बरेली: व्यापारियों ने की कुतुबखाना पुल का निर्माण तेजी से कराने की मांग