रायबरेली : कैसे सहेजे पानी की हर एक बूंद, अधूरे पड़े अमृत सरोवर
जिले में 386 अमृत सरोवर चिन्हित, अब तक महज 30 का हो सका निर्माण

अमृत विचार, रायबरेली। बारिश की हर एक बूंद सहेजने के लिए अमृत सरोवर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके विपरीत जिले में चिन्हित किए गए अमृत सरोवर में से 10 फीसद का भी रंगरोगन नहीं हो सका है। बरसात ने दस्तक दे दी है। ऐसे में सरकार की मंशा पूरी होती नहीं दिखाई दे रही है।
जिले में अमृत सरोवरों की धीमी गति का खमियाजा इस भीषण गर्मी में ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। यहां 386 चिह्नित अमृत सरोवरों के सापेक्ष 30 ही पूरे हो सके है। वहीं 256 निर्माणाधीन हैं। इसकी वजह बजट की कमी का होना है। मार्च से विभाग को इस मद के लिए कुछ नहीं मिला। इसके चलते अधिकांश जगह काम ठप है। हालांकि जो सरोवर पूर्ण हो चुके हैं, वह ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। इन सरोवरों से न केवल जलस्तर ऊपर हो रहा है, बल्कि पशु पक्षी और इंसानों के लिए अमृत साबित हो रहे हैं। इसके अलावा अमृत सरोवरों के निर्माण से तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा भी रुक रहा है।
ग्रामीणों को आकर्षिक कर रहे अमृत सरोवर
जिले में 30 अमृत सरोवर बनकर तैयार हो गए हैं। इन सरोवरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। चारों तरफ वाकिंग ट्रैक बनाया गया है। वहीं बैठने की भी व्यवस्था है। कुछ जगह पर बेहतर लाइटिंग के साथ ही फूलों की क्यारी भी बनाई गई है।
मानक को किया दरकिनार, अधूरे पड़े सरोवर
जिले में 256 अमृत सरोवर अधूरे पड़े हैं। कई ऐसे हैं, जिनके मानकों को ध्यान तक नहीं दिया जा रहा है। राही विकास खंड की ग्राम पंचायत बेलाभेला, बेलाखारा, लोधवारी, राही और भुएमऊ में अमृत सरोवर निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च कर दिए गए, लेकिन मानकविहीन होने के कारण ग्रामीणों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। बेलाखारा ग्राम पंचायत में जुलाई 2022 से कार्य शुरू हुआ था, जो आज भी अधूरा है।
अमृत सरोवर पर एक नजर
06- तहसील
18- विकास खंड
988- ग्राम पंचायत
2920 - कुल तालाब
386- प्रस्तावित अमृत सरोवर
256- निर्माणाधीन अमृत सरोवर
30- कार्य पूर्ण
क्या कहते अधिकारी
मार्च से अभी तक कोई बजट अमृत सरोवर के लिए नहीं मिला है। इसका प्रभाव कार्य पर पड़ रहा है। अब तक 30 अमृत सरोवर का निर्माण हो सका है। बजट मिलते ही कार्य में तेजी आ जाएगी।
मुकेश कुमार, उपायुक्त मनरेगा
यह भी पढ़ें : पुरानी पेंशन बहाली : कार्मिक एवं पेंशन मंत्रालय के केंद्रीय सचिव से मिला इप्सेफ का प्रतिनिधिमंडल, रखा पक्ष