UP Nikay Chunav 2023: नपा चित्रकूटधाम और मऊ-राजापुर में भाजपा, मानिकपुर में निर्दलीय का परचम

नगर पालिका में पहली बार चुना गया भाजपा का अध्यक्ष 

UP Nikay Chunav 2023: नपा चित्रकूटधाम और मऊ-राजापुर में भाजपा, मानिकपुर में निर्दलीय का परचम

चित्रकूट/अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव में नगर पालिका और दो नगर पंचायतों पर भाजपा का परचम लहराया। भाजपा की एकतरफा जीत की खुशी पर मानिकपुर से विजयी निर्दलीय प्रत्याशी ने पानी फेर दिया। चित्रकूट धाम नगर पालिका में पहली बार भाजपा का प्रत्याशी चेयरमैन पद पर आसीन होगा। गौरतलब है कि पिछली बार समाजवादी पार्टी से विजयी रहे नरेंद्र गुप्ता ने बाद में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी और इस बार भी भाजपा ने उनको ही प्रत्याशी बनाया।

नगर पालिका में चार निर्दलीय सहित कुल 11 प्रत्याशी मैदान में थे। पहले चरण में भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र गुप्ता निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के जागेश्वर यादव से 1312 मतों से आगे रहे। नरेंद्र को 3622, जागेश्वर को 2310 मत मिले। बसपा के कुशल को 866 और निर्दलीय निशि को 1320 मतों से संतोष करना पड़ा। दूसरे चरण की मतगणना में बीजेपी प्रत्याशी सपा प्रत्याशी से 1944 वोट से आगे थे। इस चरण तक नरेंद्र को 6786, जागेश्वर यादव को 4842 मिल चुके थे। बीएसपी के कुशल सिंह 1749 को मत प्राप्त हुए थे और निर्दलीय निशि को 2631 वोट मिले थे। तीसरे चरण की मतगणना तक भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के जागेश्वर से काफी आगे निकल चुके थे।

इस राउंड में नरेंद्र को 6786 और जागेश्वर को 4842 मत मिले। इस तरह इस राउंड तक भाजपा प्रत्याशी के मतों की संख्या जहां 9793 पहुंच गई, वहीं जागेश्वर 7042 मत पा सके। इस चक्र तक बसपा के कुशल पटेल को 2716, कांग्रेस के निरंजन कुमार कुशवाहा को 874, आप के प्रमोद कुमार को 470, भाकपा के विनोद कुमार को 112 और जन अधिकार पार्टी के जयकरन को 301 मत प्राप्त हो चुके थे।

निर्दलीय निशी को इस चक्र में 2631 मत मिले और उनके कुल मतों की संख्या 4167 पहुंच गई। चौथे और निर्णायक चरण तक भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र गुप्ता को 13906 वोट मिल चुके थे। चौथे चरण में उनको 4113 मत मिले। सपा प्रत्याशी जागेश्वर यादव को कुल 8761 वोट मिले। चौथे चरण में उनको 1719 मतों से संतोष करना पड़ा। निर्दलीय निशी सोनी को इस चक्र में 994 वोट प्राप्त हुए। इस चक्र तक उनको कुल 5161 मत मिले। अंतिम चक्र तक नरेंद्र गुप्ता को 17,355 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के जागेश्वर यादव को 10859।

इस प्रकार नरेंद्र ने जागेश्वर को 6496 मतों से पराजित कर दिया। तीसरे स्थान पर रहीं निशी सोनी, जिनको 6054 वोट मिले। बसपा प्रत्याशी कुशल पटेल को 4074, कांग्रेस प्रत्याशी निरंजन कुमार कुशवाहा को 1347, आम आदमी पार्टी के प्रमोद कुमार को 572, भाकपा के विनोद कुमार को 168 और जन अधिकार पार्टी के जयकरन को 585 मत प्राप्त हुए। निर्दलीय फूलचंद्र को 383, बद्री प्रसाद को 397, मेंहदी हसन को 387 मतों से  संतोष करना पड़ा।       

मऊ नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष होंगे अमित
मऊ में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल 20 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें 13 निर्दलीय हैं। पहले चरण में बीजेपी प्रत्याशी अमित द्विवेदी 278 वोट पाकर आगे रहे। सपा प्रत्याशी सचिन रस्तोगी को 196, बीएसपी के जमुना प्रसाद केशरवानी को 166 और निर्दलीय कृपाशंकर को 240 वोट मिले। इस प्रकार दूसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी रहे। दूसरे चरण की मतगणना में बीजेपी प्रत्याशी सपा प्रत्याशी से 413 वोट से आगे  रहे।

बीजेपी प्रत्याशी को इस चरण तक कुल 981, सपा को 568 और बीएसपी को 466 वोट मिल चुके थे। तीसरे चरण में भी भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त बनाए रखी। अमित द्विवेदी निर्दलीय प्रत्याशी संदीप कुमार से 786 वोटों से आगे थे। इस चरण तक बीजेपी प्रत्याशी को 1681, संदीप को 895, सपा को 876 और बसपा को 711 मत मिले थे। चौथे चरण की मतगणना में बीजेपी प्रत्याशी अमित द्विवेदी 1085 वोट से निर्दलीय प्रत्याशी संदीप कुमार से आगे रहे। बीजेपी को इस चक्र तक 2357, सपा को 1055, बसपा को 845 और संदीप कुमार को 1272 वोट मिले थे। 

मानिकपुर में निर्दलीय रानी ने पस्त किए प्रतिद्वंद्वियों के हौसले
मानिकपुर में सात निर्दलीयों को मिलाकर कुल 12 प्रत्याशियों ने अध्यक्ष पद के लिए भाग्य आजमाया। पहले चरण में निर्दलीय प्रत्याशी रानी को 692 मिले। बीजेपी प्रत्याशी को 307, बीएसपी को 447  और एसपी को 90 मत से संतोष करना पड़ा। दूसरे चरण में भी निर्दलीय प्रत्याशी रानी बढ़त बनाए रहीं। इस राउंड में उनको 1070 मत मिले। बीजेपी की बिट्टी देवी को 272, बीएसपी की मनीषा देवी को 201 और समाजवादी प्रत्याशी मंझली देवी को दूसरे चरण में 79 मत मिले। तीसरे राउंड की मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी रानी देवी 1285 वोट से बीजेपी प्रत्याशी बिट्टी देवी से आगे रहीं।

बीजेपी को इस राउंड में 864, सपा को 223, बसपा को 855 और रानी देवी को 2149 वोट मिले। चौथे चरण की मतगणना में भी निर्दलीय प्रत्याशी रानी कोल ने अपनी बढ़त बनाए रखी। रानी 1339 वोट से बीजेपी प्रत्याशी बिट्टी कोल से आगे रहीं। रानी को 2690 मत मिले। बीजेपी को इस चक्र तक कुल 1351 मत मिले। सपा 309 और बीएसपी 970 मतों तक सिमट गई। निर्दलीय रानी कोल ने भाजपा प्रत्याशी बिट्टी देवी को 1681 मतों से हरा दिया। रानी को कुल 3239 और बिट्टी को 1128 मत मिले। बसपा प्रत्याशी मनीषा देवी 1128, निर्दलीय ऊषा भारती को 1097 वोट प्राप्त हुए। सपा प्रत्याशी मंझली देवी को मात्र 389 और कांग्रेस की मेनका को 116 वोट मिले। इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी गायत्री 130, जानकी 69, ममता सोनकर 93 और श्यामा देवी 63 वोट ही पा सकीं।  

राजापुर में शुरुआती दौर में बसपा रही आगे
राजापुर में नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए सात निर्दलीय सहित कुल 11 प्रत्याशी मैदान में रहे। पहले राउंड में बसपा प्रत्याशी उमा देवी को 898 मत मिले। बीजेपी के संजीव मिश्रा को 640 और निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श मनोज को 504 मत प्राप्त हुए।सपा के प्रिंस केशरवानी को 340 मत मिले। दूसरे चरण में भी बसपा प्रत्याशी बढ़त बनाए रहीं। बीएसपी को दूसरे चरण तक 1562, कांग्रेस को 91, सपा को 611, भाजपा को 1092, निर्दलीय आदर्श मनोज को 936 मत मिल चुके थे।

इस प्रकार दूसरे चक्र में भी बसपा प्रत्याशी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 470 मतों से आगे रहे। तीसरे चक्र की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी संजीव मिश्रा ने बढ़त बनानी शुरू की। उनको इस राउंड में अन्य प्रत्याशियों से ज्यादा 1356 मत मिले। इस राउंड में निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श कुमारी को 716 मत प्राप्त हुए। पिछले दो चक्रों में बढ़त बनाकर लोगों को आश्चर्यचकित करने वाली बसपा प्रत्याशी उमा देवी को इस राउंड में 293 मतों से संतोष करना पड़ा। सपा के प्रिंस केशरवानी को 437 और कांग्रेस की उर्मिला को 30 मत मिले।  चौथे चरण की मतगणना में बीजेपी प्रत्याशी संजीव मिश्रा 1034 वोट से निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श कुमारी से आगे रहे। बीजेपी को इस चक्र तक कुल 3221 वोट और आदर्श को 2187 मत मिले।  सपा को 1201 मतों से संतोष करना पड़ा।

यह भी पढ़ें:-UP Nikay Chunav 2023: चरखारी और कबरई में सपा का परचम फहराया, जानिए अन्य का हाल