हल्द्वानी:15 हजार की नौकरी में अय्याशी, RADAR पर फरमूद का आधार
आरोपी के खिलाफ धारा 376, 419 और 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज

शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत के सामने पेश किया
हल्द्वानी, अमृत विचार। फरमूद का आधार पुलिस की राडार पर है। पुलिस ने उसके आधार कार्ड की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि फरमूद फर्जी आधार कार्ड पर शहर में रहकर नौकरी कर रहा था। फरमूद पर नाम बदल कर एक लड़की को शादी का झांसा देने और उससे दुष्कर्म करने का आरोप है। मुखानी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, 419 और 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर शुक्रवार को अदालत के सामने पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मूलरूप से बरहैनी, बाजपुर ऊधमसिंहनगर निवासी फरमूद हसन के पिता खनन कारोबारी बताए जाते हैं। फरमूद यहां अनमोल बनकर मुखानी थाना क्षेत्र में किराए के घर में रह रहा था। आरोप है कि उसने साथ काम करने वाली लड़की को नाम बदल कर अपने प्यार के झांसे में लिया और फिर दुष्कर्म किया।
गुरुवार को थाने में हंगामा करते हुए बजरंग दल के लोगों का कहना था कि उसने कई लड़कियों के साथ घिनौनी हरकत की है। वो लग्जरी कार और महंगी बुलट के जरिये लड़कियों को झांसे में लेता था। आरोप यह भी है कि फरमूद ने फर्जी आधार कार्ड के जरिये शहर में नौकरी हासिल की और कई लोगों को झांसा दिया। एसपी सिटी हरबंस सिंह का कहना है कि फरमूद के आधार कार्ड की जांच की जा रही है।