मुरादाबाद: गांधी आश्रम के अध्यक्ष व सचिव समेत आठ के खिलाफ गबन का केस

सेवानिवृत्त कर्मी ने वेतन व ग्रेच्युटी की रकम डकारने का लगाया आरोप, एडीएम सिटी की जांच में रकम हड़पने के आरोपों की पुष्टि का दावा

मुरादाबाद: गांधी आश्रम के अध्यक्ष व सचिव समेत आठ के खिलाफ गबन का केस

मुरादाबाद, अमृत विचार। क्षेत्रीय गांधी आश्रम सिविल लाइन के अध्यक्ष व सचिव समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ पुलिस ने गबन व धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। गांधी आश्रम के पूर्व कर्मचारी की याचिका की सुनवाई करते सीजेएम कोर्ट ने आरोपियों खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। उक्त आरोपी एडीएम सिटी की जांच में भी दोषी मिले हैं।  

कांठ थाना क्षेत्र में पाइन्दापुर गांव के रहने वाले ध्यान सिंह ने सीजेएम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की। उन्होंने बताया कि मैसर्स क्षेत्रीय श्रीगांधी आश्रम सिविल लाइन में एक अगस्त 1967 को वह कार्यकर्ता के पद पर नियुक्त हुए। वेतन के रूप में वह सात हजार रुपये प्रतिमाह प्राप्त करते थे। सेवा के दौरान संस्था ने एक सेवा पुस्तिका उन्हें दी। सेवा पुस्तिका का क्रमांक 93 आबंटित हुआ। 

फण्ड के रूप में 12 लाख 89 हजार 218 रुपये तथा वेतन के अलावा ग्रेच्यूटी के तोर पर तीन लाख 33 हजार 480 रुपये ब्याज सहित उनकी सेवा पुस्तिका में जमा हैं। 16 लाख 22 हजार 689 रुपये आज भी संस्था पर बकाया हैं। तीन सितंबर 2009 को वह सेवा निवृत्त हो गए। इसके बाद उन्होंने बकाया धनराशि के भुगतान की मांग की। मांग पूरी न होने पर उन्होंने गांधी आश्रम मुरादाबाद व महामंत्री कार्यालय लखनऊ से संपर्क किया। कोई सन्तोषजनक जवाब नहीं मिला। तब उन्होंने भविष्य निधि कार्यालय बरेली से संपर्क किया।

 तब पता चला कि गांधी आश्रम मुरादाबाद ने अपने किसी भी कर्मचारी का भविष्य निधि खाता ही नहीं खोला है। संस्था के अध्यक्ष सचिव तथा मैनेजरों ने सांठगांठ करते हुए लाखों की हेराफेरी की है। संस्था को घाटे में दिखाकर आरोपियों ने कर्मचारियों का फण्ड, वेतन व ग्रेच्युटी आदि का धन साजिश के तहत हड़प कर लिया। 

पीड़ित ने इसकी शिकायत मंडलायुक्त मुरादाबाद से की। सिटी मजिस्ट्रेट की जांच में लाखों की हेराफेरी की पुष्टि भी हुई। पीड़ित के दावे व साक्ष्य के आधार पर कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। सिविल लाइंस थाने के प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें:- संभल: बेटे ने बेरहमी से गला काटकर ले ली मां की जान, गिरफ्तार